जींद : छुट्टी के बाद भी गैस सिलेंडर के लिए लाइनों में लगे लोग
जींद, 29 मार्च (हि.स.)। रविवार को छुट्टी होने के बाद भी एजेंसियों के बाहर गैस सिलेंडरों की लंबी लाइनें लगी रही। लोगों का कहना है कि जब गैस सिलेंडर पर्याप्त हैं तो वो उपलब्ध क्यों नही करवाए जा रहे हैं। उधर जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक राजेश कुमार आर्य का कहना है कि जिला जींद में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सुचारू रूप से की जा रही है। जिले की 24 गैस एजेंसियों के माध्यम से प्रतिदिन लगभग 5976 उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रदेश प्रवक्ता डा. राजकुमार गोयल ने रविवार को कहा कि वर्तमान में नौ-नौ हजार गैस सिलेंडरों का स्टॉक है तो फिर क्यों बेवजह 200-200, 300-300 लोगों को सात से आठ घंटे लंबी लाइनों में खडे करवा कर परेशान किया जा रहा है। जब प्रशासन के पास इतने सिलेंडरों का स्टॉक है तो क्यों सिलेंडरों की होम डिलीवरी बंद कर दी गई है। जिन लोगों ने 20-20 दिन पहले होम डिलीवरी करवाई हुई है, उनके घरों तक अभी तक सिलेंडर क्यों नहीं पहुंच रहे। राजकुमार गोयल ने प्रशासन को सुझाव देते हुए कहा कि ऐसी स्थिति में इमरजेंसी सेवाएं प्रशासन द्वारा शुरू की जानी चाहिए। जिसके तहत अतिरिक्त कर्मियों की ड्यूटी लगाई जानी चाहिए। मौजूदा लाइन सिस्टम को तुरंत खत्म किया जाना चाहिए। गोदामों से 24 घंटे गैस वितरण व्यवस्था लागू करने की व्यवस्था की जानी चाहिए। राशन डिपो व अन्य स्थानों पर जगह-जगह गैस वितरण की व्यवस्था की जानी चाहिए। गोदामों पर अतिरिक्त कर्मचारियों की शिफ्ट लगाई जानी चाहिए। जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक राजेश कुमार आर्य ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला जींद में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सुचारू रूप से की जा रही है। जिले की 24 गैस एजेंसियों के माध्यम से प्रतिदिन लगभग 5976 उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वर्तमान में गैस कंपनियों के पास लगभग 9195 सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, जो मांग से अधिक है। जिले के 178 पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल व डीजल की आपूर्ति नियमित रूप से जारी है और किसी प्रकार की कमी नहीं है।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा