जनभागीदारी से ही स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनेगा जींद : डा. कृष्ण मिड्ढा

 


जींद, 30 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डा. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि जींद दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शहरवासियों से स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने तथा नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखने का आह्वान किया था। प्रधानमंत्री के इसी संदेश को धरातल पर उतारने के लिए नगर परिषद ने शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम उठाया है।

हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डा. कृष्ण मिड्ढा गुरूवार को नगर परिषद द्वारा शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कूड़ा उठान कार्य में लगाए जाने वाले 57 वाहनों को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व भी है। जन सहयोग के बिना किसी भी शहर को पूरी तरह स्वच्छ और सुंदर नहीं बनाया जा सकता। डा. मिड्ढा ने कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड से समय पर कूड़ा उठान सुनिश्चित करने के लिए आधुनिक संसाधनों से युक्त 57 वाहनों का संचालन किया जाएगा।

डिप्टी स्पीकर ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे कूड़ा खुले स्थानों, सड़कों, नालियों अथवा सार्वजनिक स्थलों पर न फेंकें, केवल नगर परिषद के निर्धारित वाहनों में ही कूड़ा डालें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक यदि अपने घर, गली और मोहल्ले की स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी निभाए तो जींद को प्रदेश के सबसे स्वच्छ शहरों में शामिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद का लक्ष्य जींद को साफ.-सफाई व्यवस्था में प्रदेश के अग्रणी शहरों की श्रेणी में लाना है। इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग, समयबद्ध कूड़ा उठान, बेहतर संसाधनों का उपयोग तथा आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इस अवसर पर नगर परिषद की चेयरपर्सन डा. अनुराधा सैनी ने कहा कि शहर में सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सभी वाहनों का रूटवार संचालन किया जाएगा ताकि किसी भी क्षेत्र में कूड़ा उठान का कार्य प्रभावित न हो। साथ ही सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी भी की जाएगी, जिससे नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिल सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा