सोनीपत: डेरी काम्प्लेक्स के लिए 56 एकड़ जमीन रिज़र्व रखी गई
सोनीपत, 15 सितंबर (हि.स.)। शहर
में डेयरी शिफ्टिंग को लेकर आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में प्लाट के रेट जल्द से जल्द
तय करके सरकार को भेजने के निर्देश दिए गए, ताकि डेयरी शिफ्ट होकर सीवर जाम होने की
समस्या से छुटकारा मिल सके। इसके 56 एकड़ जमीन डेरी काम्प्लेक्स के लिए रिज़र्व रखी गई
है।
साेमवार काे हुई बैठक
में रोहतक मंडल आयुक्त मोनिका मलिक, नगर निगम मेयर राजीव जैन, उपायुक्त नेहा सिंह,
निगम आयुक्त हर्षित कुमार, सह आयुक्त मीतू धनखड़, जिला राजस्व अधिकारी सुशील शर्मा,
जिला नगर योजनाकार राजेंद्र शर्मा, कार्यकारी अभियंता राहुल पुनिया समेत कई अधिकारी
उपस्थित रहे। बैठक में राजीव जैन ने कहा कि वर्ष 2017 में डेयरियों के लिए गांव हरसाना
एवं देवडु गांव में जमीन चिन्हित की गई थी तब से रेट तय ना होने के कारण मामला लंबित
पड़ा है।
मेयर
जैन ने कहा कि प्लाट के रेट वाजिब ना होने के कारण वर्ष 2021 में डेयरी मालिकों ने
11 हजार रूपये गज के हिसाब से भी प्लाट नहीं लिए थे। उन्होंने सुझाव दिया कि कलेक्टर
रेट में डेयरी काम्प्लेक्स पर आने वाला खर्च जोड़कर नो प्रॉफिट नो लॉस की पद्धति पर
चलते हुए प्लाट आबंटित किये जाने चाहिए तभी डेयरी शिफ्ट हो सकेंगी। निगम
आयुक्त हर्षित कुमार ने बताया कि गांव हरसाना में 16 एकड़ तथा गांव देवडु में 40 एकड़
जमीन डेयरी काम्प्लेक्स के लिए रिज़र्व रखी गई है और निगम की योजना 200, 300, एवं
500 गज के प्लाट देने की है ताकि गली मोहल्लों में खुली हुई छोटी छोटी डेयरियां बंद
हो सकें। उन्होंने बैठक में आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के अंदर प्रपोजल तैयार कर दिया
जायेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना