नूंह में तब्लीगी जमात से लौटे मिस्त्री ने की आत्महत्या

 


नूंह, 17 जून (हि.स.)। नूंह शहर के वार्ड नंबर-2 में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 45 वर्षीय व्यक्ति का शव एक निर्माणाधीन मकान में जंगले से रस्सी के सहारे लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर थाना शहर नूंह पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान वार्ड नंबर-2 निवासी सहाबु पुत्र नूर मोहम्मद के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सहाबु बुधवार तड़के करीब साढ़े पांच बजे नमाज अदा करने के लिए घर से निकले थे, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिवार के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने उनकी तलाश शुरू की।

तलाश के दौरान सहाबु का शव वार्ड में स्थित एक निर्माणाधीन मकान में जंगले से रस्सी के सहारे लटका हुआ मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।

जानकारी के अनुसार मृतक दो दिन पहले ही 160 दिन की तब्लीगी जमात से अपने घर लौटे थे। वह पेशे से राजमिस्त्री थे। परिवार में उनके तीन बेटे और दो बेटियां हैं, जो सभी शादीशुदा बताए जा रहे हैं। उनके बेटे राजमिस्त्री, ड्राइवर और मजदूरी का कार्य कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। घटना की सूचना मिलने पर थाना शहर नूंह पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए हैं।

थाना शहर नूंह प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि फंदे से लटके एक व्यक्ति की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों के बारे में स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया