नूंह: रोजगार मेले में 394 अभ्यर्थियों ने कराया पंजीकरण,सौ को मिला लेटर ऑफ इंटेंट
नूंह, 30 सितंबर (हि.स.)। शहीद लेफ्टिनेंट किरण शेखावत राजकीय महिला महाविद्यालय, सालाहेड़ी में बुधवार को भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया गया। जिला नूंह की उच्चतर शिक्षा अधिकारी एवं महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. गीतिका के निर्देशन तथा स्थानीय प्रशासन के सहयोग से आयोजित मेले में जिले के विभिन्न राजकीय महाविद्यालयों से छात्राओं एवं अभ्यर्थियों ने भाग लिया।
रोजगार मेले में जिले के छह राजकीय महाविद्यालयों से करीब 394 छात्राओं एवं अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया। इनमें हरद्वारी लाल गोयल राजकीय महाविद्यालय तावडू, राजकीय महाविद्यालय बिस्सर अकबरपुर, राजकीय महिला महाविद्यालय पुन्हाना, राजकीय महाविद्यालय नगीना, राजकीय महाविद्यालय फिरोजपुर झिरका तथा आयोजक महाविद्यालय सालाहेड़ी के अभ्यर्थी शामिल रहे।
रोजगार मेला प्रभारी एवं वाणिज्य विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. रितेश कुमार ने बताया कि मेले का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनियों से जोड़कर उनकी शैक्षणिक योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना था। मेले में गुरुग्राम एवं नूंह क्षेत्र की सात ऑनलाइन तथा दो ऑफलाइन कंपनियों ने भाग लिया। इनमें अनुदीप फाउंडेशन, यशस्वी ग्रुप, पुखराज हेल्थ केयर प्राइवेट लिमिटेड, जेप्टो, प्रो-कनेक्ट, अलायंस एश्योरेंस और जया मोटर्स प्रमुख रहीं।
उन्होंने बताया कि कंपनियों के प्रतिनिधियों ने कुल 235 अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए। चयन प्रक्रिया के बाद 100 से अधिक अभ्यर्थियों का चयन किया गया तथा चयनित अभ्यर्थियों को मौके पर ही लेटर ऑफ इंटेंट प्रदान किए गए। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. गीतिका ने रोजगार मेले के सफल आयोजन पर कंपनी प्रतिनिधियों, महाविद्यालय स्टाफ और चयनित अभ्यर्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के रोजगार मेले विद्यार्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें निजी क्षेत्र की कार्यप्रणाली और चयन प्रक्रिया से परिचित कराने में भी सहायक होते हैं।
उन्होंने कहा कि महाविद्यालय का प्रयास है कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ रोजगार एवं करियर से जुड़े अवसर भी उपलब्ध कराए जाएं, ताकि वे अपनी योग्यता और कौशल के अनुरूप भविष्य का निर्माण कर सकें। मेले के आयोजन एवं अभ्यर्थियों के मार्गदर्शन में विभिन्न महाविद्यालयों के प्रभारियों, प्राध्यापकों, गैर-शिक्षण कर्मचारियों एवं वालंटियर्स ने सहयोग किया। इस अवसर पर तेजपाल, डॉ. सरिता दहिया, मनेंद्र सिंह, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. जहाँ नज़ीर, आबिद हुसैन, विक्रांत, डॉ. पूजा, सोनू, राजपाल विधूड़ी, रफीक सहित अन्य स्टाफ एवं वालंटियर्स मौजूद रहे।
रोजगार मेले में कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों की योग्यता एवं कौशल का आकलन कर रोजगार के अवसर प्रदान किए। चयन प्रक्रिया में शामिल छात्राओं एवं अभ्यर्थियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया