हरियाणा: पल्स पोलियो अभियान में 36 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी दवा

 

-हरियाणा में 28 जून से शुरू होगा अभियान

चंडीगढ़, 26 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, हरियाणा के निदेशक डॉ. वीरेंद्र यादव ने बताया कि 28 जून 2026 से पल्स पोलियो के लिए 'राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस' का आयोजन किया जा रहा है। इस पल्स पोलियो अभियान के दौरान, हरियाणा में लगभग 36 लाख बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने बताया कि 28 जून को 17,331 बूथ स्थापित किए जाएंगे, और इसके बाद के दिनों में सभी पात्र लाभार्थियों को कवर करने के लिए 34,000 टीमें घर-घर जाएंगी।

अभियान के पहले दिन प्रमुख स्थानों पर पोलियो की खुराक देने के लिए बूथ बनाए जाएंगे, जबकि 29 और 30 जून को टीमें छूटे हुए बच्चों को कवर करने के लिए घर-घर जाएंगी। गतिविधि की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए बूथों की निगरानी और चेकिंग के लिए लगभग 3,400 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। इसके साथ ही, गतिविधियों की निगरानी के लिए राज्य मुख्यालय के अधिकारियों को भी जिलों में तैनात किया गया है। डॉ. वीरेंद्र यादव ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि वे इस राष्ट्रीय अभियान का समर्थन करें, जिसका उद्देश्य हमारे देश को पोलियो मुक्त बनाए रखना और पड़ोसी देशों पाकिस्तान और अफगानिस्तान से इसके आयात के जोखिम को कम करना है, जहाँ अभी भी पोलियो के मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोग 28 जून को अपने 0-5 वर्ष के पात्र बच्चों को टीकाकरण के लिए नजदीकी पोलियो बूथ पर लाएं और अगले दिनों में छूटे हुए बच्चों को कवर करने के लिए अपने घरों का दौरा करने वाली स्वास्थ्य टीमों को सहयोग दें।

स्वास्थ्य विभाग ने सभी रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन्स किंडरगार्टन और क्रेच से भी अपील की है कि वे सभी पात्र बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों के दौरे को सुगम बनाएं। डॉ. वीरेंद्र यादव ने यह भी बताया कि इस दौर के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए सभी संबंधित विभाग जैसे महिला एवं बाल स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायती राज, शहरी स्थानीय निकाय, जनसंपर्क, ईएसआई, श्रम, आयुष, चिकित्सा शिक्षा, परिवहन, रेलवे, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स और रोटरी आदि भी आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा