यमुनानगर में 10 लाख की हेरोइन बरामद, नशा तस्करी का आरोपी काबू
यमुनानगर, 17 सितंबर (हि.स.)। यमुनानगर पुलिस के एंटी बर्गलरी स्टाफ एवं एंटी नारकोटिक्स सेल-2 ने यमुनानगर के गुलाब नगर कैंप क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 264 ग्राम स्मैक बरामद की है। पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई है। मामले में गुलाब नगर कैंप निवासी अर्जुन को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद रिमांड पर लिया गया है। डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के मार्गदर्शन में नशा तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। स्टाफ प्रभारी रमन चंदेल की टीम को सूचना मिली थी कि गुलाब नगर कैंप में एक युवक नशीला पदार्थ लेकर उसकी बिक्री के लिए घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई की। पुलिस ने संदिग्ध युवक को मौके पर पकड़ लिया।
तलाशी की प्रक्रिया ड्यूटी मजिस्ट्रेट ईटीओ कन्हैया कौशल की मौजूदगी में की गई। पुलिस के अनुसार, उसके कब्जे से 264 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। रिमांड के दौरान पुलिस यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले भी नशा तस्करी से जुड़े करीब तीन मामले दर्ज हैं, जो अदालत में विचाराधीन हैं। वह इन मामलों में जमानत पर बाहर था। पुलिस अब उसकी संपत्ति की भी जांच करेगी। अधिकारियों के अनुसार, यदि किसी संपत्ति का संबंध नशे के कारोबार से अर्जित धन से पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार