एआई खेल प्रशिक्षण को बना रही वैज्ञानिक,जुनून और देशभक्ति का विकल्प नहीं: नायब

 


-हरियाणा के 198 खिलाड़ी 20.59 करोड़ की नकद पुरस्कार राशि से सम्मानित

चंडीगढ़, 07 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज पूरी दुनिया एआई के युग में प्रवेश कर रही है। खेल भी इससे अछूता नहीं है। आज एआई खिलाडिय़ों की फिटनेस का विश्लेषण कर रही है। चोट की आशंकाओं का पहले से अनुमान लगा रही है। विपक्षी टीम की रणनीति समझने में मदद कर रही है। प्रशिक्षण को अधिक वैज्ञानिक बना रही है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मंगलवार को पंचकूला में राज्य के उत्कृष्ट खिलाड़ियों के सम्मान में आयोजित नकद पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम भी उपस्थित थे।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने राज्य के अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर की प्रमुख खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले व प्रतिभागिता करने वाले 198 खिलाड़ियों को 20.59 करोड़ रुपये की नकद नाम राशि देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि एआई आपकी गति माप सकती है, आपकी हृदय गति बता सकती है, आपकी तकनीक का विश्लेषण कर सकती है लेकिन, एआई कभी आपके जुनून को नहीं माप सकती, आपकी देशभक्ति को नहीं समझ सकती, कभी उस भावना को नहीं बना सकती, जो तिरंगा कंधों पर लेकर विजय मंच पर खड़े खिलाड़ी की आंखों में दिखाई देती है। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को संदेश देते हुए कहा कि तकनीक का उपयोग अवश्य करें लेकिन अपने भीतर के इंसान को हमेशा जीवित रखें क्योंकि, भविष्य उन्हीं का होगा, जो तकनीक और मानवीय मूल्यों, दोनों को साथ लेकर चलेंगे।

जिन खिलाड़ियों को मंगलवार को सम्मानित किया गया उनमें विश्वस्तरीय प्रतियोगिताओं के 117 खिलाड़ियों को 13.75 करोड़ रुपये, पैरा एशियन खेल 2022 के 3 खिलाड़ियों को 2.32 करोड़ रुपये और राष्ट्रीय स्तर के 78 खिलाड़ियों को 4.52 करोड़ रुपये की इनाम राशि शामिल है। उन्होंने कहा कि पिछले लगभग 12 वर्षों में प्रदेश के 16 हजार 984 खिलाड़ियों को 709 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी गई है। आज की राशि जोड़कर यह लगभग 730 करोड़ रुपये बन जाती है।

मुख्यमंत्री ने सम्मानित हुए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पदक जीतने का क्षण भले ही कुछ मिनटों का होता है लेकिन उस क्षण तक पहुँचने की यात्रा वर्षों की तपस्या से होकर गुजरती है। उन्होंने कहा कि हमारे देश की मिट्टी ने ऐसे खिलाड़ी पैदा किए हैं, जिन्होंने पूरी दुनिया को सिखाया कि हालात चाहे कितने भी कठिन हों, अगर इरादे बुलंद हों तो इतिहास बदला जा सकता है। उन्होंने उपस्थित खिलाड़ियों से संवाद करते हुए कहा कि वर्ष 2028, 2032 और 2036 के ओलंपिक खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ी आप ही होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा उत्कृष्ट खिलाड़ी भर्ती नियमों के तहत 260 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। हाल ही में खेल ग्रेडेशन नीति में संशोधन किया है जिससे अब हरियाणा स्टेट गेम्स के खिलाडिय़ों को भी खेल ग्रेडेशन का लाभ मिलेगा। इसके अलावा अवार्ड विजेता खिलाड़ियों के मासिक मानदेय में बढ़ोतरी की है। इसके तहत खेलरत्न, द्रोणाचार्य, अर्जुन, ध्यानचंद और तेनजिंग नोर्गे विजेताओं को प्रतिमाह 20 हजार रुपये और भीम अवॉर्ड विजेताओं को प्रतिमाह 5 हजार रुपये का मानदेय मिल रहा है।

इस अवसर पर खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि मिशन-2036 के तहत हरियाणा ने 36 पदक जीतने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। लगभग 300 करोड़ रुपये की लागत से खेल स्टेडियमों के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा