19 जुलाई से जिलों के दौरे पर निकलेंगे हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त

 


चंडीगढ़, 12 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा कांग्रेस मुख्यालय में लगातार पांच दिनों तक चली संगठनात्मक बैठकों के बाद प्रदेश प्रभारी संजय दत्त अब जिलों का दौरा करेंगे। 19 जुलाई से शुरू होने वाले इस अभियान में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह भी उनके साथ रहेंगे। दौरे के दौरान विधानसभा चुनाव में पराजित सीटों पर विशेष फोकस करते हुए कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया जाएगा और उसी आधार पर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।

रविवार को पांच दिवसीय दौरे के समापन से पहले संजय दत्त ने पिछले लोकसभा एवं विधानसभा चुनावों में पार्टी के पराजित उम्मीदवारों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर उनसे चुनावी अनुभव, संगठन की स्थिति तथा भविष्य की रणनीति को लेकर विस्तृत फीडबैक प्राप्त किया। बैठक में संगठन को और अधिक प्रभावी एवं जनसरोकारों से जुड़ा बनाने पर व्यापक चर्चा हुई।

बैठक के दौरान संजय दत्त ने कहा कि हरियाणा कांग्रेस को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से शीघ्र ही जिला-स्तरीय संगठनात्मक दौरे की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने बताया कि दौरे का प्रथम चरण 19 जुलाई से 23 जुलाई तक आयोजित होगा, जिसके अंतर्गत पांच जिलों का भ्रमण किया जाएगा। इस पूरे दौरे में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह भी उनके साथ मौजूद रहेंगे।

प्रत्येक जिले में जिला कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी के साथ विस्तृत बैठक आयोजित की जाएगी। इसके अलावा संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ वन-टू-वन संवाद कर संगठनात्मक फीडबैक लिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 19 जुलाई को पंचकूला व यमुनानगर, 20 जुलाई को यमुनानगर व अंबाला, 21 जुलाई को अंबाला व कुरूक्षेत्र, 22 जुलाई को कुरुक्षेत्र व करनाल तथा 23 को करनाल में बैठकों के बाद पहला चरण समाप्त होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा