नूंह: कष्ट निवारण समिति की बैठक में 12 शिकायतों का हुआ समाधान
नूंह, 28 सितंबर (हि.स.)। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। अधिकारियों को शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करना चाहिए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।
मंत्री विपुल गोयल सोमवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में कुल 19 शिकायतों की सुनवाई की गई, जिनमें तीन पुरानी और 16 नई शिकायतें शामिल थीं। इनमें से 12 शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि सात शिकायतों को आवश्यक कार्रवाई एवं प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश के साथ अगली बैठक तक लंबित रखा गया।
बैठक में वार्ड नंबर-8, तावडू निवासी रजनी ने अपने पिता की जहरीला पदार्थ खाने से हुई मृत्यु की निष्पक्ष जांच की मांग रखी। मंत्री ने मामले की दोबारा जांच के लिए गठित एसआईटी को शिकायतकर्ता को जांच रिपोर्ट एवं उपलब्ध साक्ष्य दिखाने के निर्देश दिए। मामले को अगली बैठक तक लंबित रखा गया।
गांव आकेड़ा निवासी एडवोकेट खुर्शीद की घर के सामने एवं प्लॉट में गंदा पानी जमा होने की शिकायत पर कार्यकारी अभियंता पीडब्ल्यूडी, कार्यकारी अभियंता पंचायती राज और समिति सदस्य मनीष की कमेटी गठित कर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। वहीं, डालावास निवासी मोहम्मद तौफीक की कृषि भूमि को गंदे पानी के नाले से फसल प्रभावित होने की शिकायत पर एसडीएम तावडू, बीडीपीओ और समिति सदस्य मूलचंद की तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई। कमेटी को 15 दिन में जांच कर रिपोर्ट उपायुक्त को सौंपने के निर्देश दिए गए।
अलावलपुर निवासी मोहम्मद जाहिद हुसैन की सफाई संबंधी शिकायत पर बीडीपीओ को निर्धारित समय सीमा में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बडेड, पुन्हाना निवासी मोहम्मद अब्बास की पेयजल समस्या पर जिला परिषद चेयरमैन जान मोहम्मद की अध्यक्षता में कमेटी गठित कर अगली बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।
बैठक में उपायुक्त अखिल पिलानी ने समाचार पत्रों में प्रकाशित शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग से संबंधित जनसमस्याओं को शिकायत के रूप में समिति के समक्ष रखा। मंत्री विपुल गोयल ने राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, पिनगवां की नई इमारत में बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन करने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए। वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगीना में बिजली और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश सीएमओ को दिए गए। उन्होंने जिले के सभी पीएचसी और सीएचसी में आवश्यक व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने को भी कहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया