सोनीपत: खर्च रजिस्टर न देने पर 18 उम्मीदवार अयोग्य घोषित

 


सोनीपत, 20 अप्रैल (हि.स.)। सोनीपत

नगर निगम चुनाव 2020 में तय समय पर चुनाव खर्च रजिस्टर जमा न कराने वाले 18 उम्मीदवारों

को अयोग्य घोषित कर दिया गया है। सोमवार को उपायुक्त नेहा सिंह ने बताया कि ये सभी

उम्मीदवार अब नगर निगम सोनीपत चुनाव 2026 में नामांकन दाखिल नहीं कर सकेंगे।

यह फैसला

राज्य निर्वाचन नियमों के अनुसार लिया गया है ताकि चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी और जवाबदेह

बनी रहे। उपायुक्त

नेहा सिंह ने कहा कि चुनाव में हिस्सा लेने वाले हर उम्मीदवार के लिए नियमों का पालन

करना अनिवार्य है। खर्च रजिस्टर जमा करना चुनाव प्रक्रिया का अहम हिस्सा है। जिन उम्मीदवारों

ने यह रजिस्टर तय समय सीमा में जमा नहीं करवाया, उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें

अयोग्य घोषित किया गया है। प्रशासन का उद्देश्य साफ और निष्पक्ष चुनाव करवाना है।

अयोग्य

घोषित उम्मीदवारों में विकास, राजेश कुमार, रमेश कटारिया, विनोद, सतनारायण, सुनिता,

सुरेश कुमार, दीपक कुमार, मंजू, साधु, अशोक, सुनिता, राकेश, राकेश, नरेन्द्र, चंद्र

कुमार, राज कुमार और सोमबीर शामिल हैं। उपायुक्त ने कहा कि भविष्य में भी चुनाव नियमों

की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उम्मीदवार उपायुक्त कार्यालय की

एलएफए शाखा में ज्यादा जानकारी के लिए संपर्क कर सकते हैं।

उपायुक्त

नेहा सिंह ने बताया कि इसी के साथ नगर निगम सोनीपत चुनाव 2026 को लेकर 10 मई को सार्वजनिक

अवकाश घोषित किया गया है। यह अवकाश नगर निगम क्षेत्र के सभी औद्योगिक इकाइयों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और दुकानों

पर लागू रहेगा। प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे 10 मई को अपने मतदान केंद्र

पर पहुंचकर मतदान जरूर करें और लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। प्रशासन

ने चुनाव को सुचारू और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं

पूरी कर ली हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना