रोहतक में झगड़े के बाद 17 वर्षीय किशोर की चाकू से गोदकर हत्या
महम के निदाना खास गांव का रहने वाला था अरमान, दो दिन पहले ही मनाया था जन्मदिन
आईटीआई के युवकों के साथ हुआ था झगड़ा, हमलावरों की तलाश में पुलिस की टीमें जुटीं
रोहतक, 15 सितंबर (हि.स.)। शहर के हुड्डा सिटी पार्क में हुए झगड़े के दौरान महम क्षेत्र के गांव निदाना खास निवासी 17 वर्षीय अरमान की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। हमले में गंभीर रूप से घायल अरमान को पुलिस अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस हमले में शामिल युवकों की पहचान करने के साथ उनकी तलाश में जुटी है। पुलिस के अनुसार गांव निंदाना निवासी अरमान मंगलवार दोपहर को किसी काम से रोहतक आया हुआ था, इसी दौरान हुड्डा सिटी पार्क में उसका कुछ युवकों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद में शामिल युवक आईटीआई में पढ़ने वाले है, पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और इसके बाद विवाद बढ़ गया।
इसी दौरान अरमान पर चाकुओं से हमला कर दिया गया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर गया। इसी बीच मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी गई, सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल अरमान को उपचार के लिए अस्पताल लेकर गई। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल को जांच के दायरे में लेते हुए वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू किए।
डीएसपी ने संभाली जांच, एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
किशोर की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में भी हलचल बढ़ गई। डीएसपी सहित पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और वारदात में कितने युवक शामिल थे। पुलिस आसपास मौजूद लोगों से भी घटनाक्रम के संबंध में जानकारी जुटा रही है। हमलावरों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं।
दो दिन पहले ही था अरमान का जन्मदिन
अरमान की मौत की सूचना निदाना खास गांव पहुंचते ही परिवार में मातम पसर गया, बताया जा रहा है कि दो दिन पहले ही अरमान ने अपना 17वां जन्मदिन मनाया था। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है, हमले में शामिल युवकों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
-------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल