जींद : अवैध पटाखों के ठिकानों पर पुलिस की छापेमारी, 248 किलो पटाखों सहित दो गिरफ्तार
जींद, 06 नवंबर (हि.स.)। दीपावली पर्व को लेकर जिले में अवैध रूप से पटाखों के भंडारण और बिक्री का कारोबार जारी है। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उचाना और जींद शहर में दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर कुल 248 किलो 100 ग्राम पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितं के पास पटाखों की बिक्री और भंडारण का कोई वैध लाइसेंस या परमिट नहीं मिला है।
पहली कार्रवाई मंडी उचाना पुलिस ने गडरिया कॉलोनी स्थित एक गोदाम में की। चौकी मंडी उचाना प्रभारी एएसआई अनिल कुमार ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि एएसआई विनय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि गडरिया कॉलोनी के एक गोदाम में भारी मात्रा में अवैध पटाखे रखे हुए हैं।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर गोदाम की तलाशी ली तो वहां से नौ गत्ता पेटियों में रखे 165 किलो पटाखे बरामद हुए। मौके पर मौजूद युवक की पहचान उचाना निवासी गोगी के रूप में हुई। आरोपित पटाखों से संबंधित कोई लाइसेंस या परमिट नहीं दिखा सका। वहीं दूसरी कार्रवाई एवीटी स्टाफ जींद की टीम ने पटियाला चौक पर की।
एवीटी स्टाफ प्रभारी उपनिरीक्षक यशवीर सिंह के अनुसार पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि अंकित प्रोविजनल स्टोर के सामने एक युवक बिना लाइसेंस पटाखे बेच रहा है। टीम ने मौके पर पहुंच कर दुकान की तलाशी ली तो गत्ता पेटियों में रखे अनार, रॉकेट, फिरकी और फुलझड़ी सहित 83 किलो 100 ग्राम पटाखे बरामद हुए। आरोपित की पहचान पटियाला चौक निवासी अंशुल के रूप में हुई। वह भी पटाखे बेचने का वैध लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सका। पुलिस ने दोनों मामलों में बरामद पटाखों को कब्जे में लेकर आरोपितों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम की धारा 9बी के तहत मामले दर्ज किए हैं। पुलिस के अनुसार बिना वैध अनुमति के विस्फोटक सामग्री और पटाखों का भंडारण या बिक्री करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा