सोनीपत: जिला नेटबॉल प्रतियोगिता में 14 खिलाड़ियों ने राज्य स्तर पर बनाई जगह
सोनीपत, 31 जुलाई (हि.स.)। जिला
विद्यालय नेटबॉल प्रतियोगिता में प्रताप सिंह स्कूल, खरखौदा के खिलाड़ियों ने शानदार
प्रदर्शन करते हुए 14 खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय विद्यालय नेटबॉल प्रतियोगिता के लिए
चयन हुआ है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय में शुक्रवार को स्वागत समारोह में
उनका सम्मान किया गया।
राज्य
स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अंडर-17 बालक वर्ग से गजेंद्र सिंह, ओजस दहिया, ऋक्षित और
जैफ दहिया, अंडर-19 बालक वर्ग से देव लोहित, लक्की, आयुष, श्लोक और लक्ष्य, अंडर-14
बालक वर्ग से वैभव सिंह और विहान, अंडर-17 बालिका वर्ग से दीक्षा दहिया और वंशिका तथा
अंडर-उन्नीस बालिका वर्ग से वृंदा पराशर का चयन हुआ है।
विद्यालय पहुंचने पर चयनित
खिलाड़ियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। इस अवसर पर संस्थापक सत प्रकाश नम्बरदार,
प्राचार्या दया दहिया, शैक्षणिक निदेशक डॉ. सुबोध दहिया, नेटबॉल कोच संसार दहिया, अभिभावक
मोनिका और ललित सहित विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी तथा विद्यार्थियों को बधाई दी और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं। प्राचार्या
दया दहिया ने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता उनकी मेहनत, अनुशासन, प्रशिक्षकों के समर्पण
और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ खेलों
में भी विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने के लिए निरन्तर प्रयास कर रहा है।
संस्थापक
सत प्रकाश नम्बरदार ने बताया कि विद्यालय में खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए
आधुनिक खेल सुविधाएं, अनुभवी प्रशिक्षक, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और बेहतर शैक्षणिक
वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि चयनित खिलाड़ी राज्य स्तरीय
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
खिलाड़ियों ने भी अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय प्रबन्धन, प्रशिक्षकों, अभिभावकों और
साथियों को देते हुए पदक जीतने का संकल्प व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना