कैथल: विदेश भेजने के नाम पर 13 लाख की ठगी,आरोपी दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार

 

कैथल, 24 सितंबर (हि.स.)। विदेश भेजने के नाम पर 13 लाख रुपये की ठगी के मामले में कलायत थाना पुलिस ने भगोड़े आरोपी को नई दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान कलायत निवासी पवन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस इस मामले में पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

पुलिस के अनुसार, गांव बाता निवासी रवि कुमार ने शिकायत में बताया था कि उसके दोस्त पवन के पिता ज्ञान सिंह ने उसे विदेश भेजने का झांसा दिया था। आरोप है कि 23 जुलाई 2023 को ज्ञान सिंह, उसकी पत्नी और पवन की पत्नी शर्मिला उसके घर पहुंचे और विदेश भेजने के नाम पर उससे आठ लाख रुपये ले लिए। इसी दौरान उसकी बात मंगू नाम के एजेंट से कराई गई। एजेंट ने उसे दुबई के रास्ते इंग्लैंड भेजने की बात कही।

शिकायत के मुताबिक, अगले दिन उसे दिल्ली से दुबई भेज दिया गया, जहां कुछ लोग उसे रूस ले गए। रूस में उसे वहां की आर्मी ने पकड़ लिया और जेल भेज दिया। इस दौरान आरोपियों ने उसके परिजनों को बताया कि वह सुरक्षित पहुंच गया है और जल्द काम लग जाएगा। इसके बाद परिवार से पांच लाख रुपये और मांगे गए। रवि की मां ने यह रकम मंगू के खाते में जमा कर दी।

रवि ने बताया कि बाद में उसे रूस से गोवा डिपोर्ट कर दिया गया। भारत लौटने के बाद आरोपियों ने उसे कैथल बस स्टैंड पर बुलाया और पासपोर्ट में कथित तौर पर छेड़छाड़ कर हैदराबाद जाने के लिए कहा। वहां भी उसे आगे नहीं जाने दिया गया और पासपोर्ट में गड़बड़ी होने की जानकारी दी गई। इसके बाद वह वापस घर लौट आया।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर आरोपी टालमटोल करने लगे और उसे धमकियां भी दी गईं। शिकायत के आधार पर कलायत थाना में धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

थाना प्रभारी पीएसआई अमन कुमार की अगुवाई में एएसआई बलजोर सिंह की टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले में भगोड़े आरोपी पवन कुमार को नई दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, जांच में आरोपी की विदेश भेजने के इस कथित षड्यंत्र में संलिप्तता सामने आई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे