कैथल: विदेश भेजने के नाम पर 13 लाख की ठगी का आरोपी गिरफ्तार
कैथल, 03 अक्टूबर (हि.स.)। जर्मनी भेजने और वहां नौकरी लगवाने का झांसा देकर 13 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में एंटी एमिग्रेशन सेल ने करनाल जिले के गांव डाचर निवासी रणजीत सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने युवक को फर्जी वीजा के जरिए विदेश भेज दिया, जहां उसे जंगली इलाके में छोड़ दिया गया। मामले में पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
मामला गांव पाई निवासी राजेश कुमार की शिकायत पर थाना पूंडरी में दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार राजेश का बेटा गौरव विदेश जाना चाहता था। इसी दौरान रिश्तेदार के माध्यम से उसकी मुलाकात रणजीत सिंह से हुई। आरोपी ने गौरव को जर्मनी भेजने और वहां नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया। उसकी बातों में आकर राजेश ने उसे 10 लाख रुपये नकद दे दिए।
शिकायतकर्ता के अनुसार फरवरी 2024 में आरोपी ने गौरव को फर्जी वीजा के जरिए जर्मनी भेज दिया। वहां पहुंचने के बाद उसे एक अनजान जंगलनुमा स्थान पर छोड़ दिया गया। उचित व्यवस्था और सुरक्षा नहीं होने के कारण गौरव को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बाद उसे वापस भारत बुलाने के लिए आरोपी ने तीन लाख रुपये और मांगे। शिकायतकर्ता ने यह रकम नकद देने के अलावा आरोपी के कहने पर कुछ राशि गूगल-पे से भी भेजी।
करीब 25 दिन बाद गौरव भारत लौट आया। इसके बाद आरोपी ने दोबारा उसे सही तरीके से विदेश भेजने का भरोसा दिया, लेकिन न तो रकम वापस की और न ही गौरव को विदेश भेजा। पैसे वापस मांगने पर मामला पंचायत तक पहुंचा। शिकायत के अनुसार पंचायत में आरोपी ने अपनी गलती स्वीकार की और रकम लौटाने की जिम्मेदारी गांव डाचर निवासी राजू ने ली।
इसके बाद आरोपी की ओर से शिकायतकर्ता को दो चेक दिए गए। इनमें एक चेक 5.95 लाख और दूसरा पांच लाख रुपये का था। दोनों चेक बैंक में जमा कराने पर खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण भुगतान नहीं हो सका। आरोपी ने फरवरी 2025 में रकम लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन पैसे वापस नहीं किए। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि रकम मांगने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
मामले की जांच एंटी एमिग्रेशन सेल के एएसआई सुरेंद्र सिंह की टीम कर रही थी। टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी रणजीत सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मामले में आगे की पूछताछ और अन्य तथ्यों की जांच के लिए उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे