सिरसा: नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, 13 आरोपी गिरफ्तार
सिरसा, 13 जुलाई (हि.स.)। पुलिस ने जिले क्षेत्र से नशा तस्करी में संलिप्त 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने सोमवार को बताया कि जिले में नशे की सप्लाई चेन को पूरी तरह ध्वस्त करने के उद्देश्य से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस टीमें नशा तस्करों के ठिकानों, संदिग्ध गतिविधियों और उनके नेटवर्क पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर नशा कारोबार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और आने वाले दिनों में भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। एसपी ने बताया कि नशे के खिलाफ चल रही मुहिम को आमजन और ग्राम पंचायतों का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है। हाल ही में नाथूसरी कलां ग्राम पंचायत ने गांव में यह संकल्प लिया है कि नशा तस्करी या नशे से जुड़े किसी भी व्यक्ति की जमानत नहीं कराई जाएगी। यदि कोई व्यक्ति ऐसे आरोपियों की पैरवी या जमानत करेगा तो सामाजिक स्तर पर उसका बहिष्कार किया जाएगा। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए अन्य ग्राम पंचायतों से भी नशे के खिलाफ जनजागरण अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। एसपी बोले पुलिस और जनता की साझेदारी से नशा तस्करों के खिलाफ अभियान प्रभावी साबित हो रहा है। लगातार कार्रवाई से उनके नेटवर्क पर असर पड़ा है। सिरसा पुलिस की नजर से अब कोई भी नशा तस्कर नहीं बच सकेगा। आमजन का सहयोग इसी तरह मिलता रहा तो सिरसा को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य भी जल्द हासिल किया जा सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma