सिरसा: भाजपा के 12 साल वादाखिलाफी के रहे: सैलजा

 


सिरसा, 11 जून (हि.स.)। सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पिछले 12 वर्षों से देश को नए नारों, नए अभियानों और पुरानी योजनाओं को नया नाम देकर गुमराह करने का प्रयास कर रही है। भाजपा सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि प्रचार प्रबंधन रही है, जबकि जनता से किए गए अधिकांश बड़े वादे अधूरे रह गए हैं। सैलजा ने कहा कि भाजपा और उसके नेता देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के योगदान को छोटा दिखाने तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को असाधारण रूप से बड़ा साबित करने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन इतिहास तथ्यों से चलता है, प्रचार से नहीं।

सांसद सैलजा ने गुरुवार को जारी एक प्रेस बयान में कहा कि जब भारत आजाद हुआ था, तब देश के पास न पर्याप्त उद्योग थे, न वैज्ञानिक संस्थान, न आधुनिक आधारभूत ढांचा और न ही आर्थिक संसाधन। ऐसे कठिन समय में पंडित जवाहरलाल नेहरू के नेतृत्व में आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखी गई। सांसद ने कहा कि भाखड़ा-नांगल जैसी विशाल सिंचाई एवं बिजली परियोजनाएं, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), बड़े सार्वजनिक क्षेत्र के उद्योग, वैज्ञानिक एवं अनुसंधान संस्थान, परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम, इस्पात संयंत्र, देशव्यापी रेलवे और विद्युत विस्तार जैसी परियोजनाओं ने भारत को आत्मनिर्भर बनाने का मार्ग प्रशस्त किया। आज देश जिन संस्थाओं और आधारभूत संरचनाओं पर गर्व करता है, उनमें से अधिकांश की नींव कांग्रेस सरकारों ने रखी थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma