सोनीपत: कुंडली की बोतल फैक्ट्री में भीषण आग, 12 दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा

 




सोनीपत, 08 नवंबर (हि.स.)। सोनीपत

के कुंडली औद्योगिक क्षेत्र स्थित प्लेसरो इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में

रविवार सुबह भीषण आग लग गई। फैक्ट्री में पानी की बोतलें बनाने का काम होता है। आग

ने देखते ही देखते चार मंजिला इमारत की सबसे ऊपरी मंजिल को अपनी चपेट में ले लिया।

आग की लपटें और धुआं उठता देखकर आसपास के औद्योगिक क्षेत्र में भी अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

आग की

गंभीरता को देखते हुए सोनीपत के अलावा पानीपत और दिल्ली से भी दमकल गाड़ियां बुलाई

गईं। करीब 12 दमकल गाड़ियां आग पर काबू पाने में जुटी रहीं। फैक्ट्री की ऊपरी मंजिल

पर आग फैलने और उसे बुझाने में आ रही दिक्कतों के चलते दिल्ली से अतिरिक्त मदद लेनी

पड़ी। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत कर आग को दूसरी फैक्ट्रियों तक फैलने से रोकने का

प्रयास किया।

रविवार

को छुट्टी होने के कारण फैक्ट्री में कर्मचारी मौजूद नहीं थे। इस वजह से किसी के हताहत

होने की सूचना नहीं मिली। हालांकि, आग से फैक्ट्री में मशीनों, तैयार माल और अन्य सामान

को भारी नुकसान होने की आशंका है। शुरुआती तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना

जा रहा है, लेकिन इसकी वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। आग से हुए नुकसान

का आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद किया जा सकेगा। आसपास की फैक्ट्रियों को फिलहाल सुरक्षित

बताया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना