सोनीपत: देवडू में सात परिवारों को मिले 100-100 गज प्लाॅट

 


सोनीपत, 25 नवंबर (हि.स.)। देवडू गांव में सात परिवारों को 28 वर्षों के बाद 100-100 गज के प्लॉट मिले, प्लॉट धारकों ने शुक्रवार को खुशी मनाई। हरियाणा सरकार और मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन का प्लाॅट दिलवाने के लिए किए गए अथक प्रयासों के लिए मिठाई खिलाकर आभार व्यक्त किया।

नगर निगम ने देवडू गांव वासी नफे सिंह, कमला, कृष्णा, शीला देवी, मल्लो, रामफल, तसलीम तथा सुदेश के नाम रजिस्ट्री करवा दी है। सातों परिवार प्लाॅट लेने के लिए वर्षो से अधिकारियों के चक्कर काट रहे थे। प्लॉट धारकों ने बताया कि गांव के 147 परिवारों को 1994 प्लाॅट आवंटित हुए थे जिनमें से 125 परिवारों की रजिस्ट्री हो गई थी, 22 परिवारों के प्लाॅट गली की जमीन में आ गये थे।

उन्होंने बताया कि बाकी बचे 22 प्लाट धारकों में से 14 परिवारों को 20 वर्ष बाद 2015 में भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान प्लाॅट मिल गये थे परंतु 08 परिवार फिर भी वंचित रह गए। नगर निगम बनने के बाद हमने फिर प्रयास शुरू किए और राजीव जैन से आग्रह किया। भाजपा नेता राजीव जैन ने अधिकारियों से केस तैयार करवाया और फाइल चंडीगढ़ मुख्यालय मंजूरी के लिए भिजवाई। चंडीगढ़ से मंजूरी मिलने के बाद नगर निगम सोनीपत में तैनात लीज क्लर्क दीपक ने कोर्ट में जाकर रजिस्ट्री करवा दी। प्लाॅट धारकों का कहना हैं कि वर्षों बाद हमारा आशियाना बनने का सपना भाजपा सरकार मे पूरा होने जा रहा हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ नरेंद्र/संजीव