‘सेवा संकल्प अभियान’ यमुना तट सफाई अभियान के साथ हुआ संपूर्ण
नई दिल्ली, 18 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस (17 सितंबर) एवं उनके लोकसेवा के समर्पित 25 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान के समापन दिवस पर रविवार को यमुना तट सफाई अभियान के संपूर्ण हुआ। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मार्गदर्शन में और प्रदेशाध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व में हजारों भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के सहयोग से यमुना तट सफाई अभियान का आयोजन किया गया है। सरकार की ओर से संयोजन जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने किया और दिल्ली भाजपा की ओर से महामंत्री मोहनलाल गिहारा ने कार्यकर्ता एकत्रीकरण कार्य संभाला गया।
दिल्ली भाजपा की सह प्रभारी दर्शना जरदोश के आलावा दिल्ली विधानसभाध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता, सांसद मनोज तिवारी, रामवीर सिंह बिधूड़ी, योगेन्द्र चांदोलिया, प्रवीन खंडेलवाल एवं बांसुरी स्वराज एवं दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद, सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल शर्मा, डा. पंकज सिंह एवं रविंद्र इंद्राज सिंह, राज्यसभा सदस्य स्वाति मालीवाल, राष्ट्रीय मंत्री जय प्रकाश, प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों के आलावा विधायक, पार्षद और हजारों कार्यकर्ता यमुना तट स्वच्छता अभियान में सम्मिलित हुए।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने गांधी नगर के पास यमुना तट की सफाई करने एकत्र हुए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा यमुना मैया के सपूतों आज 18 अक्टूबर को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान और उनके लोकसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के पावन अवसर पर हम सब यहां यमुना तट पर एकत्रित हुए हैं। ये सिर्फ सफाई अभियान नहीं है, ये सेवा संकल्प है।
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हमें सिखाया - सेवा ही संगठन है। आइए संकल्प लें कि 2030 तक यमुना को हम स्नान करने योग्य बनाएंगे। दिल्ली को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाना है तो यमुना को बचाना होगा।
सह-प्रभारी दर्शना जरदोश ने कहा यमुना को मां का दर्जा दिया गया है और मां को गंदा देखकर कौन खुश रह सकता है ? प्रधानमंत्री के सेवा संकल्प से प्रेरणा लेकर आज हमने सफाई की शुरुआत की है। महिलाओं की भूमिका इसमें सबसे अहम है। घर से ही स्वच्छता शुरू होती है। पूजा की सामग्री, प्लास्टिक और कचरा यमुना में न डालें। आइए हम सब मिलकर संकल्प लें कि आने वाली पीढ़ी को स्वच्छ यमुना सौंपेंगे और मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता जी के नेतृत्व में ये संभव है।
दिल्ली भाजपा संगठन महामंत्री पवन राणा ने कहा कि यमुना की दुर्दशा के लिए हम सब जिम्मेदार हैं। सरकार योजनाएं बनाएगी, लेकिन जब तक जनभागीदारी नहीं होगी तब तक बदलाव नहीं आएगा। उन्होंने कहा कि वे दिल्ली के प्रत्येक नागरिक से अपील करता है कि नदी को कूड़ेदान न समझें। एक दिन की सफाई से तस्वीर नहीं बदलेगी, सोच बदलनी होगी। स्कूल, कॉलेज, आरडब्ल्यूए और मंदिरों को इस आंदोलन से जोड़ें।
कार्यक्रम के संयोजक एवं प्रदेश महामंत्री मोहन लाल गिहारा ने कहा कि यमुना हमारी विरासत है, आज का ये अभियान शुरुआत है, अंत नहीं। दिल्ली सरकार और भाजपा संगठन मिलकर यमुना को प्रदूषण मुक्त करेंगे।
दिल्ली भाजपा महामंत्री विष्णु मित्तल एवं योगिता सिंह ने संयुक्त बयान में कहा कि भाजपा कार्यकर्ता निरंतर यमुना किनारों की सफाई के इस काम में जुटे रहेंगे। आइए, प्रधानमंत्री मोदी को उपहार में स्वच्छ यमुना दें। सेवा, समर्पण और संकल्प - यही भाजपा का मंत्र है। उन्होंने कहा कि भारत की नदियां हमारी संस्कृति हैं। यमुना दिल्ली की पहचान है। प्रधानमंत्री मोदी जी के 25 वर्षों की सेवा ने हमें सिखाया कि देश सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। आज हम यहां केवल यमुना सफाई के लिए नहीं, स्वच्छ यमुना बनाने संकल्प के लिए जुटे हैं। सरकार के साथ-साथ समाज को आगे आना होगा। युवा, छात्र और स्वयंसेवी संगठन इस यमुना तट सफाई अभियान को निरंतर चलाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव