‘ऑपरेशन विश्वास’ 12,600 से अधिक मोबाइल फोन मालिकों को लौटाए गए : तरनजीत सिंह संधू
नई दिल्ली, 12 मई (हि.स.)। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू की उपास्थिति में मंगलवार को दिल्ली पुलिस के ‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत 12,600 से अधिक चोरी के बरामद मोबाइलों को दिल्ली विश्वविद्यालय खेल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उनके मालिकों को लौटाए गए। इस मौके पर दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा समेत पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
उपराज्यपाल ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि आज नागरिकों के चेहरों पर खुशी देखकर बेहद प्रसन्नता हुई, क्योंकि 12,600 से अधिक बरामद मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को लौटा दिए गए। 'ऑपरेशन विश्वास' के तहत चलाया गया यह बड़ा अभियान, हर व्यक्ति के लिए प्रभावी ढंग से शासन और पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने की हमारी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के विजन से प्रेरित होकर, हम प्रौद्योगिकी को सशक्तिकरण और विश्वास के साधन के रूप में उपयोग कर रहे हैं। आज मोबाइल फोन किसी व्यक्ति की यादों, काम और डिजिटल पहचान का एक महत्वपूर्ण स्रोत है, इसे वापस सौंपना एक अधिक उत्तरदायी और नागरिक-केंद्रित समाज के निर्माण की दिशा में एक कदम है।
उपराज्यपाल ने दिल्ली पुलिस को उनके अथक प्रयासों और इस वर्ष 74 फीसद की प्रभावशाली वसूली दर हासिल करने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा, ‘इससे यह स्पष्ट संदेश मिलता है कि गैरकानूनी रूप से ली गई किसी भी वस्तु का पता लगाया जाएगा और उसे वापस लौटाया जाएगा।‘
उपराज्यपाल ने कहा कि सुरक्षित, आधुनिक और कानून के शासन में दृढ़ विकसित दिल्ली का निर्माण करना हमारा लक्ष्य है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव