मंत्री सूद ने जनकपुरी में 1.60 करोड़ के विकास कार्यों का किया शुभारंभ

 


नई दिल्ली, 07 मार्च (हि.स.)। दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने शनिवार को जनकपुरी विधानसभा क्षेतेर के सी-1ए ब्लॉक तथा सी-2 ब्लॉक में लगभग 1.60 करोड़ रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया।

सूद ने बताया कि इन दोनों ब्लॉक में सीवर, पानी की पाइप लाइनों के काम, डेंस कारपेटिंग, सड़क निर्माण आदि के काम पिछली सरकार के समय से ही लंबित है। विकास के काम न होने से स्थानीय निवासियों का जीना मुश्किल हो गया है। आज जनकपुरी के सी-1ए ब्लॉक में लगभग 86.37 लाख रुपये की लागत से कई महत्वपूर्ण कार्य प्रारंभ किए गए, जिनमें सीवर लाइन बिछाने का कार्य, ड्रेन व सड़क का निर्माण तथा डेंस कारपेटिंग का कार्य शामिल है। इन कार्यों से क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाएगा और स्थानीय निवासियों को बेहतर आधारभूत ढांचा उपलब्ध होगा।

इसके साथ ही सी-2 ब्लॉक, जनकपुरी में लगभग 73.91 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया। इन कार्यों में सी2/116 से सी2/230 तक सीवर लाइन बिछाने का कार्य, गली का इंटरलॉकिंग टाइल्स द्वारा निर्माण, बैक लेन का आरएमसी द्वारा निर्माण तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास से जुड़े कार्य शामिल हैं।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार दिल्ली के सभी क्षेत्रों में तेज गति से विकास के सभी कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य राजधानी के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना और नागरिकों को बेहतर जीवन-स्तर उपलब्ध कराना है। जनकपुरी में शुरू किए गए ये विकास कार्य स्थानीय निवासियों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान करेंगे।

उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्ष में दिल्ली में विकास के नाम पर सिर्फ बड़े-बड़े विज्ञापन दिए गए, लोगों को गुमराह किया गया और सरकारी खजाने का दुरुपयोग किया गया।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव