बलरामपुर जिले में खाद की पर्याप्त उपलब्धता, 37 सहकारी समितियों में 4,410 टन से अधिक उर्वरक उपलब्ध
बलरामपुर, 14 जुलाई (हि.स.)। खरीफ सीजन में किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए आज मंगलवार जिला प्रशासन ने 37 सहकारी समितियों में पर्याप्त मात्रा में खाद का भंडारण सुनिश्चित किया है। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में कृषि विभाग लगातार खाद की उपलब्धता और वितरण पर नजर बनाए हुए है।
कृषि विभाग के अनुसार, जिले में अब तक कुल 15,963.64 टन उर्वरक का भंडारण किया गया है। इसमें से किसान 11,553.54 टन खाद का उठाव कर चुके हैं, जबकि वर्तमान में 4,410.10 टन खाद उपलब्ध है।
उप संचालक कृषि ने बताया कि खरीफ वर्ष 2026-27 के लिए किसानों की मांग के अनुरूप यूरिया, डीएपी, एनपीके, एसएसपी और एमओपी का पर्याप्त स्टॉक रखा गया है। वर्तमान में समितियों में 2,159 टन यूरिया, 593.25 टन डीएपी, 758.60 टन एनपीके, 612.25 टन एसएसपी और 287 टन एमओपी उपलब्ध है।
विकासखंडवार उपलब्धता की बात करें तो बलरामपुर में 455.55 टन, रामचंद्रपुर में 602.93 टन, राजपुर में 1,194.38 टन, शंकरगढ़ में 260.43 टन, कुसमी में 688.95 टन और वाड्रफनगर में 1,207.87 टन खाद उपलब्ध है।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी आवश्यकता के अनुसार समय पर समितियों से खाद का उठाव करें और खरीफ फसलों की बुआई के लिए जरूरी कृषि आदानों की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित कर लें। विभाग उर्वरकों की उपलब्धता और वितरण पर लगातार निगरानी रखे हुए है ताकि किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो।
उप संचालक कृषि ने किसानों को नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि नैनो उर्वरक कम लागत में फसलों को आवश्यक पोषक तत्व उपलब्ध कराते हैं और बेहतर उत्पादन में सहायक साबित होते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय