दिल्ली सरकार ने एचआईवी जागरूकता अभियान को किया तेज
नई दिल्ली, 13 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली सरकार दिल्ली स्टेट एड्स कंट्रोल सोसाइटी (डीएसएसीएस) के जरिए चलाए जा रहे व्यापक 'सूचना, शिक्षा और संचार' (आईईसी) अभियान के माध्यम से राजधानी दिल्ली में एचआईवी के बारे में जागरूकता, रोकथाम, जांच और इलाज को मजबूत करने के प्रयास तेज कर दिए हैं। इस अभियान का संदेश है: एड्स को जानें—एड्स को रोकें। यह अभियान इंटरनेशनल यूथ डे के मौके पर रोहिणी के बीएसए हॉस्पिटल में दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह के मार्गदर्शन में शुरू किया गया। इस लॉन्च इवेंट में 600 से ज़्यादा स्टूडेंट्स, गैर-सरकारी संगठनों, पार्टनर ऑर्गनाइज़ेशन और कम्युनिटी स्टेकहोल्डर्स के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर युवाओं और समुदायों को एचआईवी के बारे में सही जानकारी और रोकथाम के लिए एंबेसडर बनने के लिए प्रोत्साहित करने के मकसद से एक रैली भी निकाली गई।
इस अवसर पर मंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहा कि एचआईवी के बारे में जागरूकता सिर्फ़ स्वास्थ्य से जुड़ा विषय नहीं है, बल्कि यह सामाजिक जिम्मेदारी का भी मामला है। हमारी सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि हर नागरिक को सही जानकारी, समय पर जांच, उपचार और जरूरी सहायता मिल सके। हमें एचआईवी से जुड़ी गलतफहमियों और भ्रांतियों को दूर करना होगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि एक जागरूक और जिम्मेदार समाज के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने छात्रों, शिक्षण संस्थानों, स्वास्थ्य सेवा से जुड़े पेशेवरों, समाजिक संगठनों और समुदाय के प्रतिनिधियों से इस अभियान में सक्रिय रूप से भागीदारी करने और एचआईवी की रोकथाम और उपचार से जुड़ी वैज्ञानिक रूप से सही जानकारी लोगों तक पहुंचाने की अपील की। अगले दो महीनों के दौरान राजधानी दिल्ली के शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में गहन आईईसी अभियान चलाया जाएगा। यह कैंपेन एचआईवी के संक्रमण और उससे बचाव, शुरुआती जांच और उपचार के बारे में जागरूकता फैलाने पर केंद्रित होगा। अभियान के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों, कॉलोनियों और झुग्गी बस्तियों में जागरूकता बैठकें, लोक प्रस्तुतियां, स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम, फ्लैश मॉब, जागरूकता रैलियां, घर-घर जाकर संपर्क अभियान, एचआईवी जागरूकता और जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा डिजिटल प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।
मंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहा कि हमारा लक्ष्य एचआईवी के बारे में जागरूकता को अस्पतालों और हेल्थकेयर सेंटरों से आगे ले जाकर समुदायों, शिक्षण संस्थानों और घर-घर तक पहुंचाना है। समय पर जांच और सही तरीके से उपचार से एचआईवी के साथ जीवन जी रहे लोगों के स्वास्थ्य में महत्वपूर्ण सुधार संभव है। साथ ही ऐसा माहौल बनाना भी जरूरी है, जहां लोग बिना किसी डर, भेदभाव या बदनामी के डर के जांच और इलाज करवा सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव