दिल्ली सरकार के अचीवमेंट एंड स्कीम एक्सपो-2026 में एमसीडी की जनहितकारी योजनाओं और नागरिक सेवाओं का प्रदर्शन
नई दिल्ली, 25 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम(एमसीडी) ने शनिवार को भारत मंडपम, प्रगति मैदान में आयोजित दिल्ली सरकार के अचीवमेंट एंड स्कीम एक्सपो-2026 (उपलब्धि एवं योजना प्रदर्शनी) में अपने स्टॉल के माध्यम से नागरिक-केंद्रित पहलों, जनहितकारी योजनाओं, नवाचारों और विभिन्न नागरिक सेवाओं का प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, नागरिकों और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों ने एमसीडी के स्टॉल का भ्रमण कर निगम की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी प्राप्त की।
एमसीडी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार प्रदर्शनी में संपत्ति कर विभाग, पर्यावरण प्रबंधन सेवा विभाग (डैम्स), पशु चिकित्सा सेवा विभाग और जन स्वास्थ्य विभाग ने भाग लिया। विभागों ने आकर्षक मॉडल, इंटरैक्टिव डिस्प्ले, सूचना पैनलों और जनजागरूकता सामग्री के माध्यम से अपनी विभिन्न परियोजनाओं, डिजिटल पहलों और नागरिक सेवाओं को प्रदर्शित किया।
प्रदर्शनी के दौरान विभागीय अधिकारियों ने आगंतुकों से संवाद कर ऑनलाइन संपत्ति कर भुगतान, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण, पशु चिकित्सा सेवाओं तथा जन स्वास्थ्य कार्यक्रमों से संबंधित जानकारी साझा की।
एमसीडी ने कहा कि यह प्रदर्शनी नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित करने का महत्वपूर्ण मंच है, जिसके माध्यम से पारदर्शी प्रशासन, बेहतर नागरिक सेवाओं, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण के प्रति निगम की प्रतिबद्धता को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली नगर निगम का स्टॉल 25 से 27 जुलाई तक भारत मंडपम के हॉल संख्या 8, 9 और 10 में स्टॉल संख्या 71 पर आम नागरिकों के लिए खुला रहेगा। निगम ने लोगों से प्रदर्शनी में पहुंचकर उसकी विभिन्न जनहितकारी पहलों और सेवाओं की जानकारी लेने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ दिल्ली के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी