दिल्ली में दो एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करेगी सरकार
नई दिल्ली, 23 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली सरकार ने इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के इंडिया एआई मिशन के तहत दो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने का निर्णय लिया है। इन केंद्रों के माध्यम से अगले चार वर्षों में लगभग 90–100 स्टार्टअप को सहयोग देने, 7000 से अधिक युवाओं को ट्रेनिंग देने और 1000 से अधिक रोजगार के नए अवसर पैदा करने का लक्ष्य है। हर केंद्र को 20 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता से विकसित किया जा रहा है, जो इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, दिल्ली सरकार और इंडस्ट्री/एकेडमिक पार्टनर्स के बीच 40:40:20 के योगदान मॉडल पर आधारित होगा।
दिल्ली के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने गुरुवार को एक विज्ञप्ति जारी कर कहा कि इनोवेशन और आर्थिक विकास के रूप में दिल्ली आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में निवेश करके भविष्य की ओर एक निर्णायक कदम बढ़ा रही है। ये एआई सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस न केवल अत्याधुनिक रिसर्च और स्टार्टअप्स को बढ़ावा देंगे बल्कि यह भी सुनिश्चित करेंगे कि टेक्नोलॉजी का लाभ सीधे हमारे नागरिकों के जीवन को बेहतर बनाने में भी सार्थक रूप से मदद करें।
इस पहल को इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय से प्रशासनिक मंजूरी मिल चुकी है, जिसे नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी ऑफ़ टेक्नोलॉजी और गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय द्वारका सहित प्रमुख शैक्षणिक एवं औद्योगिक भागीदारों के सहयोग से लागू किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव