दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने नेशनल टेलेंट हंट कार्यक्रम को दिल्ली में किया लॉन्च

 


नई दिल्ली, 17 मार्च (हि.स.)। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में नेशनल टेलेंट हंट कार्यक्रम को दिल्ली में लॉन्च किया। उन्होंने मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस कर कांग्रेस की विचारधारा में विश्वास रखने वाले नई पीढ़ी के युवाओं से आवेदन मांगे हैं।

देवेंद्र यादव ने कहा कि नेशनल टेलेंट हंट कार्यक्रम में कोई भी युवा आवेदन क्यूआर कोड स्केन करके ऑनलाइन तरीके से 15 अप्रैल तक कर सकता है। आवेदन के बाद जिला वार उनके चयन की प्रक्रिया शुरु की जाएगी, इसके लिए एक टेलेंट हंट संगठन कमेटी का भी गठन किया गया, जिसका कन्वीनर पूर्व विधायक व कम्युनिकेशन विभाग के चेयरमैन अनिल भारद्वाज और को-कन्वीनर अनुज आत्रेय को बनाया गया है।

देवेंद्र यादव ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोक सभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के दिशा-निर्देश युवाओं को टेलेंट हंट के जरिए देश, राज्य और जिला स्तर पर कांग्रेस का प्लेटफॉर्म मुहैया कराने के अवसर प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्टी देशभर में देश, राज्य और जिला स्तर पर तीन प्रमुख क्षेत्रों प्रवक्ता, रिसर्च कोऑर्डिनेटर और पब्लिसिटी कोआर्डिनेटर में प्रतिभावान युवाओं की खोज कर रही है। उन्होंने कहा कि नेशनल टैलेंट हंट का मूल उदेश्य जमीनी स्तर, राज्य स्तर और राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी से संचार तंत्र को सशक्त बनाने के साथ युवाओं की आवाज को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी का अवसर देना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव