अहिल्याबाई होलकर का जीवन भारतीय संस्कृति, जनसेवा, महिला सशक्तिकरण और सुशासन का अनुपम उदाहरणः हर्ष मल्होत्रा

 


नई दिल्ली, 02 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने मंगलवार को पार्टी कार्यालय में पुण्यश्लोक लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की 301वीं जन्म जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर केन्द्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल और भाजपा ओ.बी.सी. मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री संगम लाल गुप्ता भी मौजूद रहें।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने पुण्यश्लोक लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की 301वी जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि उनका जीवन भारतीय संस्कृति, जनसेवा, महिला सशक्तिकरण और सुशासन का अनुपम उदाहरण है।

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि अहिल्याबाई होलकर ने ऐसे समय में शासन की बागडोर संभाली जब समाज अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा था, लेकिन उन्होंने अपनी दूरदर्शिता, न्यायप्रियता और जनकल्याणकारी नीतियों से एक आदर्श शासन व्यवस्था स्थापित की। उनका प्रशासन प्रजा के प्रति संवेदनशील, जवाबदेह और लोककल्याण के लिए समर्पित था।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि काशी, सोमनाथ, उज्जैन, गया सहित देश के अनेक धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण और पुनर्निर्माण में लोकमाता अहिल्याबाई होलकर का योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने भारतीय सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का जो कार्य किया, वह आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

केन्द्रीय राज्य मंत्री एस पी सिंह बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश आज उन महान विभूतियों के योगदान को सम्मानपूर्वक स्मरण कर रहा है जिन्होंने राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अहिल्याबाई होलकर के आदर्श ‘सेवा, सुशासन और सांस्कृतिक गौरव’ विकसित भारत के संकल्प को सशक्त बनाने में मार्गदर्शक हैं।

एस पी सिंह बघेल ने कहा कि सभी नागरिकों से अपील किया कि वे अहिल्याबाई होलकर के जीवन और आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज सेवा, महिला सम्मान और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय योगदान दें। उनके द्वारा स्थापित मूल्यों का अनुसरण ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

संगम लाल गुप्ता ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर ने अपने न्यायपूर्ण, संवेदनशील और जनहितैषी शासन से यह सिद्ध किया कि दृढ़ इच्छाशक्ति, सेवा भाव और समर्पण के बल पर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। उन्होंने अपने शासनकाल में प्रजा के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और सुशासन की ऐसी मिसाल स्थापित की जो आज भी प्रासंगिक है।

इस अवसर पर दिल्ली भाजपा ओ.बी.सी. मोर्चा के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी लोकमाता होलकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी