शिक्षा समिति के चुनाव में योगेश वर्मा अध्यक्ष और अमित खड़खड़ी उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित
नई दिल्ली, 03 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम की शिक्षा समिति के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी योगेश वर्मा एडवोकेट को अध्यक्ष और अमित खड़खड़ी को उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। आम आदमी पार्टी की ओर से दोनों पदों के लिए कोई नामांकन दाखिल नहीं किया गया था।
निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद शिक्षा समिति के नवनिर्वाचित अध्यक्ष योगेश वर्मा एडवोकेट ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर दोबारा विश्वास जताया है, जिसके लिए वह नेतृत्व के आभारी हैं।
योगेश वर्मा ने कहा कि दिल्ली नगर निगम के करीब 1500 प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और विद्यालयों के शैक्षणिक एवं भौतिक स्तर में सुधार के लिए भी कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में शिक्षा के क्षेत्र में कई नए और महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे, जिससे निगम विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आगे बढ़ने के अधिक अवसर मिल सकें। उन्होंने कहा कि लक्ष्य केवल स्कूलों की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर सुविधाएं और समान अवसर उपलब्ध कराना है।
योगेश वर्मा ने कहा कि निगम के स्कूलों में पढ़ने वाला प्रत्येक बच्चा उनकी जिम्मेदारी है और उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा। उन्होंने अपने निर्विरोध निर्वाचन पर पार्टी कार्यकर्ताओं, सहयोगियों, शिक्षा समिति के सदस्यों और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया।
वहीं, नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष अमित खड़खड़ी ने भी पार्टी नेतृत्व एवं सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए शिक्षा समिति के अध्यक्ष के साथ मिलकर पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करने का विश्वास दिलाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी