चाकू घोपकर युवक की हत्या, नाबालिग समेत तीन को पकड़ा
नई दिल्ली, 11 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक नाबालिग सहित तीन आरोपिताें को पकड़ा है। मृतक की पहचान मोहम्मद शमीम (21) के रूप में हुई है, जो लक्कड़ी मार्केट, वेलकम इलाके का रहने वाला था।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को बताया कि, 10 अप्रैल की शाम करीब 6:45 बजे झील पार्क स्थित एक मजार के पास एक शव पड़े होने की सूचना मिली थी। खबर मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, जहां युवक का शव बरामद हुआ। जांच के दौरान मृतक की पहचान मोहम्मद शमीम के रूप में हुई। इसके बाद फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल भेज दिया गया।
इस मामले में वेलकम थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया। जिसका नेतृत्व थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रूपेश खत्री कर रहे थे। पुलिस टीम ने तकनीकी और स्थानीय स्रोतों की मदद से मामले की जांच करते हुए तीन आरोपितों को पकड़ा। इनमें वसीम उर्फ मियां (20), तिलक राज उर्फ राज (23) और एक 17 वर्षीय नाबालिग शामिल है। सभी आरोपित वेलकम इलाके के ही रहने वाले हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपितों ने हत्या की वारदात को कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि मृतक शमीम उर्फ सुई अक्सर उन्हें परेशान करता था और धमकाता था। इसी से तंग आकर उन्होंने शमीम पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए थे। पुलिस के अनुसार, अभी हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। साथ ही मामले में आगे की जांच की जा रही है, ताकि घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का भी खुलासा हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी