सीवर लाइन कार्य के दौरान दीवार गिरी, मजदूर की मौत, वहीं ग्रेटर कैलाश एक आग लगने की घटना में दो दमकलकर्मी झुलसे
नई दिल्ली, 05 जून (हि.स.)। लोधी कॉलोनी में गुुरुवार रात सीवर पाइपलाइन बिछाने के दौरान एक दीवार भरभराकर गिर गई, जिससे तीन मजदूर मलबे में दब गए। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। वहीं ग्रेटर कैलाश-1 स्थित टाटा कम्युनिकेशंस के कार्यालय में देर रात आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग बुझाने के दौरान दो दमकलकर्मी भी झुलस गए।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 1:18 बजे लोधी होटल के निकट सीवर पाइपलाइन का कार्य चल रहा था। इसी दौरान एक बाउंड्री वॉल अचानक ढह गई और वहां काम कर रहे तीन मजदूर मलबे के नीचे दब गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दो मजदूरों को बाहर निकाल लिया और उन्हें तत्काल एम्स ट्रॉमा सेंटर भेजा। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तीसरे मजदूर को मलबे से बाहर निकाला।
घायलों की पहचान 48 वर्षीय राजेश और 20 वर्षीय उमर के रूप में हुई है। दोनों का एम्स ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है। वहीं 55 वर्षीय देवेंद्र को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
वहीं उधर, रात करीब 2:47 बजे ग्रेटर कैलाश-1 स्थित टाटा कम्युनिकेशंस कार्यालय में आग लगने की सूचना मिली। दमकल विभाग ने तत्काल कई गाड़ियों को मौके पर भेजा। आग की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल वाहन भी बुलाए गए। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 5:30 बजे आग पर काबू पा लिया गया, जबकि सुबह 7:05 बजे ऑपरेशन पूरी तरह समाप्त घोषित किया गया।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आग इमारत की तीसरी मंजिल पर स्थित बैटरी रूम में लगी थी। आग से करीब 200 वर्ग फुट क्षेत्र प्रभावित हुआ। आग बुझाने के दौरान मथुरा रोड दमकल स्टेशन के दो दमकलकर्मी संदीप और सुरेश के हाथ झुलस गए, जिन्हें सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारियों के अनुसार, इमारत में ग्राउंड प्लस पांच मंजिला है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी