विकास मार्ग पर लक्ष्मी नगर से करकरी मोड़ विशेष सफाई अभियान, 500 से अधिक स्वयंसेवकों ने लिया हिस्सा
नई दिल्ली, 02 अक्टूबर (हि.स.)। गांधी जयंती के अवसर पर दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के पूर्वी जोन द्वारा शुक्रवार को विकास मार्ग पर लक्ष्मी नगर से करकरी मोड़ रेड लाइट तक मेगा स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के साथ-साथ नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता एवं सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देना रहा।
अभियान में केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। पूर्वी जोन के उपायुक्त अजहरुद्दीन जहीरुद्दीन काजी के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में विधायक ओ.पी. शर्मा, विधायक अभय वर्मा, उप-महापौर डॉ. मोनिका पंत तथा जिला मजिस्ट्रेट (पूर्वी दिल्ली) ने भी सक्रिय रूप से सहभागिता की।
अभियान में 500 से अधिक स्वयंसेवकों ने भाग लिया। सभी स्वयंसेवकों को प्रोत्साहित करने के लिए लगभग 500 टी-शर्ट भी वितरित की गईं।
स्वच्छता अभियान के दौरान स्वयंसेवकों द्वारा सड़कों एवं सार्वजनिक स्थानों से लगभग चार टन कूड़ा एकत्र किया गया, जबकि सड़क किनारे से करीब दो टन मलबा हटाया गया। अभियान के दौरान प्रमुख मार्गों एवं आसपास के क्षेत्रों की सफाई कर स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर पूर्वी जोन के उपायुक्त अजहरुद्दीन जहीरुद्दीन काजी ने कहा कि गांधी जयंती हमें स्वच्छता को केवल एक अभियान के रूप में नहीं, बल्कि अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की प्रेरणा देती है। आज के इस मेगा स्वच्छता अभियान में जनप्रतिनिधियों, निगम अधिकारियों और 500 से अधिक स्वयंसेवकों की भागीदारी यह दर्शाती है कि जनसहयोग के माध्यम से स्वच्छ और सुंदर दिल्ली के लक्ष्य को और मजबूती दी जा सकती है। एमसीडी स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उपायुक्त ने अभियान में शामिल सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, पार्षदों, स्वयंसेवकों एवं अन्य प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए स्वच्छ भारत मिशन के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने की अपील की।
इस अवसर पर पूर्वी जोन वार्ड समिति के अध्यक्ष यशपाल सिंह सहित विभिन्न वार्डों के पार्षद भी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी