विजेंद्र गुप्ता ने लोधी श्मशान घाट पहुंचकर न्यायमूर्ति हरिश चंद्र मिश्रा को दी श्रद्धांजलि

 


नई दिल्ली, 04 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने शुक्रवार को लोधी श्मशान घाट पर न्यायमूर्ति हरिश चंद्र मिश्रा के अंतिम संस्कार में सम्मिलित होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

उन्होंने कहा कि न्यायमूर्ति हरिश चंद्र मिश्रा का निधन दिल्ली के सार्वजनिक जीवन और न्याय व्यवस्था के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनका विशिष्ट न्यायिक जीवन सत्यनिष्ठा, निष्पक्षता और न्याय के प्रति अटूट प्रतिबद्धता से परिपूर्ण रहा। दिल्ली के लोकायुक्त के रूप में उनका योगदान सदैव गहरे सम्मान के साथ याद किया जाएगा।

दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवारजनों से मिलकर इस दुःख की घड़ी में अपनी गहरी संवेदनाएं एवं एकजुटता व्यक्त की। उन्होंने न्यायमूर्ति मिश्रा की विशिष्ट न्यायिक सेवाओं तथा न्याय, सत्यनिष्ठा और सार्वजनिक जवाबदेही के सिद्धांतों को बनाए रखने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को स्मरण किया।

विजेंद्र गुप्ता ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

उल्लेखनीय है कि 27 मार्च 1959 को जन्मे न्यायमूर्ति हरिश चंद्र मिश्रा झारखंड उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश थे और उन्होंने उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में भी सेवाएं दी थीं। मार्च 2022 में उन्हें दिल्ली का लोकायुक्त नियुक्त किया गया था और उन्होंने इस संस्था को विशिष्ट सेवाएं प्रदान कीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी