विजेंद्र गुप्ता ने रोहिणी में जन कल्याण शिविर का किया उद्घाटन

 


नई दिल्ली, 18 जून (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने गुरुवार को रोहिणी में आयोजित तीन दिवसीय जन कल्याण शिविर का उद्घाटन किया। 18 जून से 20 जून तक आयोजित होने वाला यह शिविर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देशव्यापी जनसंपर्क एवं जनकल्याण कार्यक्रमों की श्रृंखला का हिस्सा है। शिविर का उद्देश्य केंद्र सरकार तथा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं जनसेवाओं को एक ही मंच पर उपलब्ध कराकर नागरिकों को उनका लाभ पहुंचाना है।

उद्घाटन समारोह का आयोजन राणा प्रताप सर्वोदय कन्या विद्यालय, सेक्टर-5, रोहिणी में किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि यह शिविर नागरिकों को बिना किसी अनावश्यक प्रक्रियागत कठिनाई के सरकारी योजनाओं एवं आवश्यक जनसेवाओं तक सहज पहुंच सुनिश्चित करने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जन कल्याण शिविर को एक समग्र सेवा मंच के रूप में विकसित किया गया है, जहां लाभार्थी राशन कार्ड, ई-श्रम कार्ड, जन धन खाते, लखपति दीदी योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, दिव्यांगजन कल्याण योजनाओं, पेंशन संबंधी सेवाओं तथा अन्य अनेक नागरिक-केंद्रित पहलों का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जनसंपर्क कार्यक्रम सरकार और जनता के बीच संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

समावेशी विकास के महत्व पर जोर देते हुए गुप्ता ने रोहिणी तथा आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों से शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लेने और उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, श्रमिकों, उद्यमियों तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों की आवश्यकताओं को विशेष रूप से ध्यान में रखा गया है ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी सहायता एवं अधिकारों से वंचित न रह जाए। यह जन कल्याण शिविर 18 जून से 20 जून 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक आम जनता के लिए खुला रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव