विजेंद्र गुप्ता ने 108 फुट संकटमोचन धाम में किया दर्शन-पूजन

 


नई दिल्ली, 29 जुलाई (हि.स.)। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने बुधवार को करोल बाग स्थित प्रसिद्ध 108 फुट संकटमोचन धाम हनुमान मंदिर में भगवान हनुमान के दर्शन एवं पूजन कर दिल्लीवासियों के सुख, समृद्धि, शांति एवं कल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि सच्चा गुरु अज्ञान के अंधकार को ज्ञान के प्रकाश में परिवर्तित कर जीवन को निःस्वार्थ सेवा और सत्य के मार्ग पर अग्रसर करता है।

दर्शन के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने मंदिर के अध्यक्ष महंत ओम गिरि महाराज से भेंट कर उनका आशीर्वाद एवं आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस अवसर पर विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि महापुरुषों और संतों का सान्निध्य व्यक्ति के जीवन को नई दिशा प्रदान करता है।

विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि यह पर्व भारत की महान गुरु-शिष्य परंपरा का प्रतीक है, जिसने सदियों से समाज को ज्ञान, संस्कार और नैतिक मूल्यों से आलोकित किया है। उन्होंने कहा कि गुरु का मार्गदर्शन व्यक्ति को केवल ज्ञान ही नहीं देता, बल्कि उसे विनम्रता, सेवा और कर्तव्यनिष्ठा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा भी प्रदान करता है।

विधानसभा अध्यक्ष ने प्रार्थना की कि उन्हें सदैव विवेक और आध्यात्मिक प्रेरणा प्राप्त होती रहे जिससे वे अपने सार्वजनिक जीवन में सत्य, सेवा, विनम्रता और कर्तव्यनिष्ठा के आदर्शों का पालन करते हुए समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन कर सकें। उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा का यह पावन पर्व प्रत्येक व्यक्ति को आत्मचिंतन, सदाचार और निःस्वार्थ सेवा के मार्ग पर अग्रसर होने की प्रेरणा देता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव