उत्तम नगर पूर्व मेट्रो स्टेशन पर चलती ट्रेन के आगे कूदकर दी जान

 


नई दिल्ली, 24 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली में मेट्रो स्टेशन पर आत्महत्या का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार सुबह उत्तम नगर ईस्ट मेट्रो स्टेशन पर एक व्यक्ति ने चलती ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। घटना से कुछ देर के लिए स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई।

मेट्रो यूनिट पुलिस के मुताबिक सुबह करीब 10:12 बजे कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि एक व्यक्ति प्लेटफॉर्म से उतरकर ट्रैक पर कूद गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि व्यक्ति ने जानबूझकर प्लेटफॉर्म से नीचे उतरकर ट्रैक पर छलांग लगाई। बाद में शव को ट्रैक से बाहर निकाला गया।

मेट्रो पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह के अनुसार जांच में मृतक की पहचान करौली, राजस्थान निवासीमहाराज सिंह (45) के रूप में हुई है। वह पेशे से सफेदी (पुताई) का काम करते थे। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह पिछले कई वर्षों से अवसाद से पीड़ित थे और राम मनोहर लोहिया अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। बताया गया है कि वह सोमवार को भी अस्पताल इलाज के लिए गए थे।

जानकारी के अनुसार महाराज सिंह अपने बड़े भाई की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए उत्तम नगर आए थे। उनके परिवार में पत्नी, 18 वर्षीय बेटी और 17 व 20 वर्ष के दो बेटे हैं। घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने इस संबंध में बीएनएसएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू की है और आगे की जांच जारी है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी