नई दिल्ली में अवैध रूप से रह रहे दो बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, डिटेंशन सेंटर भेजे
नई दिल्ली, 02 सितंबर (हि.स.)। नई दिल्ली जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने दिल्ली में अवैध रुप से रह रहे दो बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा है। दोनों के पास भारत में रहने के लिए वैध वीजा अथवा अन्य अधिकृत दस्तावेज नहीं पाए गए। आवश्यक जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (एफआरआरओ) के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें सराय रोहिल्ला स्थित बांग्लादेशी डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपितों की पहचान मोनाब्बिर अहमद (33) और राजीब बेपारी (35) के रूप में हुई है। स्पेशल स्टाफ को सूचना मिली थी कि कुछ बांग्लादेशी नागरिक बिना वैध दस्तावेजों के दिल्ली में रह रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने जांच-पड़ताल शुरू की और बाराखंभा थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दोनों को पकड़ लिया।
जांच के दौरान दोनों की पहचान, नागरिकता और भारत में प्रवेश से संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। पुलिस के मुताबिक, मोनाब्बिर अहमद ने 26 अगस्त और राजीब बेपारी ने 27 अगस्त को बिना वैध वीजा के भारत में प्रवेश किया था। इसके बाद दोनों दिल्ली में रह रहे थे।
पुलिस ने दोनों के संबंध में आवश्यक दस्तावेजी और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें एफआरआरओ के समक्ष पेश किया। एफआरआरओ के निर्देश पर दोनों को सराय रोहिल्ला स्थित बांग्लादेशी डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया।
कार्रवाई करने वाली टीम में एसआई दीपक, एसआई मोहन, हेड कॉन्स्टेबल सोनू, हेड कॉन्स्टेबल रामेश्वर, हेड कॉन्स्टेबल नागेंद्र और कॉन्स्टेबल सर्वेश शामिल रहे। टीम ने स्पेशल स्टाफ इंस्पेक्टर की निगरानी तथा एसीपी ऑपरेशंस, नई दिल्ली जिले के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले में बिना वैध दस्तावेज के रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान और सत्यापन के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी