पार्षद बॉबी किन्नर ने आआपा से दिया इस्तीफा, इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी में हुई शामिल
नई दिल्ली, 20 मई (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) को एक बार फिर से झटका लगा। सुल्तानपुरी-ए वार्ड 43 से जीत हासिल करने वाली दिल्ली की पहली किन्नर पार्षद बॉबी किन्नर ने मंगलावर को पार्टी से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने आआपा से नाराज 15 पार्षदो के साथ मिलकर के बनी ‘इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी’ का दामन थाम लिया है।
बॉबी ने आज दिल्ली के महापौर को एक पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वे आदर्श नगर के पार्षद मुकेश गोयल की बनाई पार्टी में शामिल हो गई हैं। बॉबी किन्नर 2022 में आम आदमी पार्टी से ऐतिहासिक जीत हासिल कर दिल्ली की राजनीति में ट्रांसजेंडर समुदाय की पहली प्रतिनिधी बनी थी।
बॉबी किन्नर ने कहा कि ढ़ाई सालों में सदन एक भी दिन ठीक से नहीं चला है। किसी भी पार्षदो की बात नही सुनी जाती है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता से इतने वादे किए थे कि नगर निगम में जीत के बाद दिल्ली की जनता के लिए कार्य करेंगे। गली, सीवर पार्क के सौंदर्यीकरण पर ध्यान देंगे। लेकिन आज तक कोई बजट नहीं मिला है। बजट मिलेगा तो हम काम भी करेंगे। इन सभी चीजों को देखकर आज मैं नई पार्टी शामिल हुई।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिनो पहले ही आम आदमी पार्टी के 13 पार्षदों ने आआपा से इस्तीफा देकर इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी नाम से एक अलग पार्टी बनाई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी