विकास मार्ग पर ट्रैफिक सुधरा, सफर हुआ आसान, सफर 25 से घटकर 15 मिनट पहुंचा
नई दिल्ली, 29 मार्च (हि.स.)। पूर्वी दिल्ली के व्यस्ततम मार्गों में शामिल विकास मार्ग पर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के विशेष अभियान का असर दिखने लगा है। सख्त प्रवर्तन, सिग्नल सुधार और ट्रैफिक प्रबंधन के उपायों के चलते यहां यातायात सुगम हुआ है। अब इस मार्ग पर यात्रा समय 20-25 मिनट से घटकर करीब 14-15 मिनट रह गया है।
(ट्रैफिक) जोन-1 की अतिरिक्त पुलिस आयुक्त विजयांता गोयल आर्या ने रविवार काे बताया कि विकास मार्ग ट्रांस-यमुना को मध्य दिल्ली से जोड़ने वाला अहम कॉरिडोर है, जहां लक्ष्मी नगर, प्रीत विहार और निर्माण विहार जैसे मेट्रो स्टेशन, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और कोचिंग संस्थान होने के कारण भारी यातायात रहता है। हालांकि, अवैध पार्किंग, टूटी डिवाइडर और फीडर लेन के कारण यहां जाम की समस्या बनी रहती थी।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त के अनुसार स्थिति सुधारने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने कई कदम उठाए हैं। प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती की गई है, जबकि अवैध पार्किंग हटाने के लिए क्रेन लगातार तैनात हैं। लक्ष्मी नगर चौराहे को सिग्नल-फ्री किया गया है, वहीं कड़कड़ी मोड़ पर फ्लाईओवर और अंडरपास के जरिए यातायात सुधार की दिशा में काम जारी है। इसके अलावा, मास्टर प्लान रोड पर कड़कड़ी मोड़ से एंट्री सीमित कर दी गई है और यू-टर्न के लिए निर्धारित स्थान तय किए गए हैं।
आगे अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने बताया कि पिछले दो हफ्तों में ट्रैफिक पुलिस ने 198 वाहनों को टो किया, जबकि करीब 200 वाहनों को क्लैंप किया गया। वर्ष 2026 में अब तक 11,005 चालान काटे जा चुके हैं, जिनमें अवैध पार्किंग और अनधिकृत ई-रिक्शा संचालन शामिल हैं।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त के अनुसार “सख्त प्रवर्तन, सिग्नल ऑप्टिमाइजेशन और विभिन्न एजेंसियों के समन्वय से विकास मार्ग पर ट्रैफिक में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। हमारा प्रयास है कि यातायात सुचारु और सुरक्षित बना रहे। हम लोगों से अपील करते हैं कि वे नियमों का पालन करें और अवैध पार्किंग से बचें।”
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी