वीवीआईपी कार्यक्रम के चलते बुराड़ी इलाके में ट्रैफिक एडवाइजरी, सुबह 7:30 से दोपहर 2 बजे तक कई सड़कें बंद रहेंगी

 

नई दिल्ली, 07 मार्च (हि.स.)। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के उत्सव स्थल, बुराड़ी ग्राउंड में रविवार 8 मार्च को होने वाले वीवीआईपी कार्यक्रम के मद्देनजर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। कार्यक्रम में कई विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की संभावना है। इस दौरान दिल्ली मेट्रो के विभिन्न सेक्शन और आवासीय परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया जाएगा। कार्यक्रम में करीब 25 हजार लोगों के जुटने की उम्मीद है, जिसके चलते आसपास के इलाकों में ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है।

ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक सुबह 7:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक कार्यक्रम स्थल के आसपास कई सड़कों पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे, ताकि सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन सुचारु रूप से किया जा सके।

इन सड़कों पर रहेगा यातायात बंद...

निर्धारित समय के दौरान कुछ सड़कों को पूरी तरह बंद रखा जाएगा और केवल पास या लेबल लगे वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। वहीं शांति स्वरूप त्यागी मार्ग: कैंप चौक से बुराड़ी चौक तक। इसके अलावा शाह आलम बांध मार्ग: शांति स्वरूप त्यागी मार्ग टी-पॉइंट से मजलिस पार्क रेड लाइट तक।

इन स्थानों से ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा....

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार सुबह 7:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक कई जगहों से वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर मोड़ा जाएगा।

किंग्सवे कैंप चौक से आने वाले सभी वाहनों को कार्यक्रम स्थल और बुराड़ी चौक की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी।

यात्रियों को बुराड़ी फ्लाईओवर या मुकुंदपुर फ्लाईओवर का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है और बुराड़ी चौक व मुकुंदपुर चौक से बचने को कहा गया है।

100 फुटा बुराड़ी रोड से आने वाले वाहन चालक बुराड़ी चौक से बचते हुए बुराड़ी मेट्रो स्टेशन के पास से बंड रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं।

इन सड़कों से बचने की सलाह

ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को कुछ प्रमुख मार्गों से बचने की सलाह दी है, जिनमें

अरिहंत मार्ग, शांति स्वरूप त्यागी मार्ग, शाह आलम बांध मार्ग और आउटर रिंग रोड (डॉ. के.बी. हेडगेवार मार्ग) शामिल हैं।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे इन सड़कों से बचते हुए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और जहां संभव हो सार्वजनिक परिवहन का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करें।

साथ ही निरंकारी ग्राउंड और आसपास के इलाकों से गुजरने वाले लोगों को यात्रा से पहले पर्याप्त समय लेकर निकलने और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी