क्रिकेट खेलने के विवाद में किशोर की मौत, तीन नाबालिग पकड़े गए
नई दिल्ली, 24 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली के तिलक नगर इलाके में क्रिकेट खेलने को लेकर हुआ मामूली विवाद एक किशोर की जान ले बैठा। घटना सोमवार शाम वुडलैंड पार्क में हुई।
पुलिस के अनुसार 23 फरवरी की शाम करीब 7:22 बजे 12 वर्षीय एक किशोर और 15 वर्षीय नाबालिग के बीच क्रिकेट खेलने को लेकर कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ी कि दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह मामला शांत कराया, लेकिन विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ। 12 वर्षीय किशोर घर पहुंचा और उसने अपने दो चचेरे भाइयों, जिनकी उम्र 17 और 13 वर्ष है, को पूरी घटना बताई। कुछ देर बाद तीनों किशोर दोबारा पार्क में पहुंचे और 15 वर्षीय लड़के को ढूंढकर फिर से झगड़ा शुरू किया। दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई हुई।
पुलिस के मुताबिक मारपीट के दौरान 15 वर्षीय किशोर के सिर और गर्दन पर जोरदार वार किया गया, जिससे वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले में एफआईआर दर्ज कर तीनों किशोर आरोपितों को तत्काल पकड़ लिया गया। सभी से पूछताछ की जा रही है।
मृतक, चार भाइयों में से एक था। उसके पिता इलाके में चाय का ठेला लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटे की असमय मौत से परिवार सदमे में है, वहीं स्थानीय लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी