फर्जी दवाओं के खिलाफ दिल्ली पुलिस का देशव्यापी अभियान, पटना में अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़

 


नई दिल्ली, 23 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने अंतरराज्यीय नशीले पदार्थों और स्प्यूरियस दवाओं के खिलाफ अभियान को तेज करते हुए एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने बिहार के पटना के पास चल रही तीसरी अवैध दवा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया है। मौके से भारी मात्रा में नकली दवाएं, ओपिओइड, मशीनरी और पैकिंग सामग्री बरामद की गई है।

यह कार्रवाई एफआईआर संख्या 273/25, धारा 22 एनडीपीएस एक्ट, थाना क्राइम ब्रांच की जांच के दौरान की गई। पूरी कार्रवाई पुलिस उपायुक्त संजीव कुमार यादव के नेतृत्व में की गई। मामले में पहले गिरफ्तार आरोपित अरुण से पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि बृजेश नामक व्यक्ति पटना के पास अवैध रूप से नकली दवाओं और सिरप का निर्माण व री-पैकेजिंग कर बाजार में सप्लाई कर रहा है। अरुण बड़े पैमाने पर ओपिओइड की अवैध मैन्युफैक्चरिंग और वितरण का समन्वय कर रहा था। सूचना के आधार पर एएनटीएफ की टीम पटना पहुंची और ड्रग विभाग की टीम को साथ लेकर छापा मारा। जांच में पाया गया कि यूनिट बिना वैध लाइसेंस के चलाई जा रही थी और अनिवार्य मैन्युफैक्चरिंग व एनालिटिकल केमिस्ट भी मौजूद नहीं थे। ड्रग विभाग ने नियमानुसार कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार छापेमारी के दौरान पुलिस ने 590 स्ट्रिप क्लावम-25, 30,000 से अधिक एम-मॉक्सी टैबलेट, 53,000 से अधिक एम्बिसेट टैबलेट, 10,000 विक्स एक्शन टैबलेट, 8,000 ट्रिप्सिन टैबलेट, 8,000 एक्सपायर्ड ओमेज कैप्सूल, बिना लेबल के कोडीन सिरप,

20 से अधिक प्रकार की अन्य टैबलेट/सिरप, इंडस्ट्रियल स्टिरर, ड्रम, खाली पेट बोतलें व ढक्कन और पैकिंग और लेबलिंग सामग्री शामिल है।

बरामद एक्सपायर्ड दवाओं की बड़ी खेप से आशंका है कि इन्हें दोबारा पैक कर बाजार में ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा था। नकली मेडिकल स्टोर्स के माध्यम से इन दवाओं की सप्लाई की जा रही थी।

अब तक 9 गिरफ्तार, बड़ी मात्रा में नशीला पाउडर जब्त

पुलिस उपायुक्त के अनुसार इस पूरे ऑपरेशन में अब तक 9 आरोपिताें को गिरफ्तार किया जा चुका है। 13 किलोग्राम से अधिक ट्रामाडोल पाउडर और 500 ग्राम से अधिक अल्प्राजोलम सहित अन्य मनोदैहिक पदार्थ भी बरामद किए गए हैं। पुलिस टीम ने विभिन्न राज्यों में हजारों किलोमीटर की यात्रा कर अलग-अलग मॉड्यूल और फैक्ट्रियों का भंडाफोड़ किया है। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई देश में फैले बड़े नशीले पदार्थ नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में अहम कदम है। एएनटीएफ/क्राइम ब्रांच अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और नेटवर्क के पूर्ण सफाए के लिए लगातार छानबीन कर रही है। डीसीपी एएनटीएफ संजीव कुमार यादव ने कहा कि जो लोग जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करेंगे, उनके खिलाफ शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई जाएगी। दिल्ली को नशामुक्त बनाने के लक्ष्य की दिशा में अभियान जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी