पुलिस अधिकारियों ने थाना दिवस में 2333 शिकायतें सुनीं

 




नई दिल्ली, 13 सितंबर (हि.स.)। ब्रिक्स सम्मेलन के लिए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ ही दिल्ली पुलिस ने शनिवार को थानों में जनसुनवाई का सिलसिला भी जारी रखा। राजधानी के सभी छह पुलिस रेंज के थानों में आयोजित ‘थाना दिवस-जनसुनवाई’ में पुलिस अधिकारियों ने लोगों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान कुल 2333 शिकायतों और समस्याओं पर सुनवाई की गई।

जनसुनवाई में संयुक्त पुलिस आयुक्त से लेकर सहायक पुलिस आयुक्त स्तर तक के वरिष्ठ अधिकारी अलग-अलग थानों में पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और शिकायतों के निस्तारण की प्रगति की भी निगरानी की। पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी से लोगों को अपनी समस्या सीधे वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने का मौका मिला।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, ‘थाना दिवस-जनसुनवाई’ की शुरुआत जून में उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू के निर्देश पर की गई थी। इसका उद्देश्य पुलिस और आम लोगों के बीच सीधा संवाद बढ़ाना, पुलिस सेवाओं को लोगों के लिए आसानी से उपलब्ध कराना और शिकायतों का जल्द एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करना है।

इस पहल के तहत प्रत्येक शनिवार सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक थानों में जनसुनवाई आयोजित की जाती है। पुलिस का कहना है कि वरिष्ठ अधिकारियों की सीधे थानों में मौजूदगी से शिकायतों की निगरानी बेहतर तरीके से हो रही है और लोगों को अपनी समस्याओं के लिए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचने का सीधा मंच मिल रहा है।

दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार के नेतृत्व में चल रही इस पहल को नागरिक केंद्रित पुलिसिंग की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। ब्रिक्स सम्मेलन के मद्देनजर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल की बड़ी तैनाती और लगातार सुरक्षा समीक्षा के बीच भी थानों में जनसुनवाई जारी रखना पुलिस की प्राथमिकताओं में नागरिक शिकायतों के निस्तारण को दर्शाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव