छह वर्षीय मासूम की अपहरण के बाद हत्या, दुष्कर्म की आशंका

 


नई दिल्ली, 23 फ़रवरी (हि.स.)। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के सराय काले खां इलाके से एक 6 वर्षीय बच्ची की अपहरण के बाद हत्या का मामला सामने आया है। मामले में परिजनों ने बच्ची के साथ दुष्कर्म होने की आशंका जताई है। बच्ची 19 फरवरी को अपने घर के पास से अचानक गायब हो गई थी। उसका शव सोमवार को इलाके से ही एक कुएं से बरामद किया गया है। शव मिलने के बाद सनलाइट कॉलोनी थाना पुलिस स्टेशन ने हत्या, अपहरण और अन्य कई धाराओं में केस दर्ज कर आरोपित 23 वर्षीय मनोज लुगुन को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस उपायुक्त डॉ हेमंत तिवारी ने बताया कि बच्ची अपने परिवार के साथ सराय काले खां इलाके में रहती है। 19 फरवरी को बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी। दोपहर करीब 3 बजे बच्ची घर के बाहर से गायब हो गई। काफी देर तक जब बच्ची घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसे तलाश शुरू की। लंबे समय तक तलाश करने के बाद जब बच्ची के बारे में कोई सुराग नहीं लगा तो परिजनों ने सनलाइट कॉलोनी थाना पुलिस को उसके अपहरण की शिकायत दी। पुलिस ने देर 19 फरवरी की देर रात 1 बजे मामले में बीएनएस की धारा 136(2) के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज से मिला अहम सुराग

पुलिस ने बच्ची के घर के पास लगे और 200 मीटर के दायरे में लगे सभी सीसीटीवी कैमरे की फुटेज जब्त कर उसका विश्लेषण शुरू किया। जांच के दौरान पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज में बच्ची एक युवक के साथ जाती दिखाई दी। परिजनों ने युवक की पहचान अपने दूरे के रिश्तेदार मनोज लुगुन के रूप में की जो उसकी इलाके में रहता है। पुलिस ने मनोज लुगुन की जानकारी जुटाई और उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मनोज से पूछताछ के दौरान पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन साक्ष्य सामने आने पर उसने अपराध कबूल कर लिया। आरोपित ने बताया कि वह बच्ची को आईपी पार्क के पास शांति स्तूप के पीछे सुनसान जगह पर ले गया, जहां ईंट से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी और सबूत छिपाने के लिए शव को कुएं में फेंक दिया।

पुलिस ने एसडीआरएफ टीम की मदद से कुएं की तलाशी ली और बच्ची के शव को बरामद कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में बच्ची के सिर पर गंभीर चोट पाई गई है। पुलिस ने अपहरण की एफआईआर में हत्या की धारा जोड़ दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बच्ची के साथ यौन शोषण की आशंका है। लेकिन पुष्टि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी। फिलहाल पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी