चीनी की कीमतों ने रसोई का बजट बिगाड़ा : देवेंद्र यादव
नई दिल्ली, 23 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने चीनी के लगातार बढ़ते दाम और महंगाई ने साधारण, मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रोजमर्रा की जरूरत की चीजों के दाम बढ़ने से लोगों के घर का बजट बिगड़ रहा है, लेकिन सरकार महंगाई पर लगाम लगाने के बजाय जनता की परेशानियों के प्रति आंखें मूंदे बैठी है।
देवेंद्र यादव ने रविवार को एक विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि चीनी जैसी आवश्यक वस्तु के दाम में बढ़ोतरी सीधे तौर पर आम परिवार की रसोई को प्रभावित करती है। पहले से ही खाद्य पदार्थों, सब्जियों, दूध और अन्य जरूरी वस्तुओं की बढ़ती कीमतों से परेशान जनता पर चीनी के बढ़ते दाम अतिरिक्त बोझ हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई के वास्तविक मुद्दे से जनता का ध्यान भटकाने में लगी हुई है। गरीब और मध्यम वर्ग के परिवार अपनी सीमित आय में घर का खर्च चलाने के लिए मजबूर हैं, जबकि सरकार महंगाई रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने में विफल रही है।
देवेंद्र यादव ने सरकार से चीनी सहित आवश्यक खाद्य वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव