मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम को लेकर स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने निगमायुक्त को लिखा पत्र
नई दिल्ली, 14 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली में मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम एवं नियंत्रण को लेकर स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने सोमवार को निगमायुक्त को पत्र लिखकर आवश्यक एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
सत्या शर्मा ने कहा कि सितंबर माह में रुक-रुक कर हो रही बारिश के दौरान खाली पड़े बर्तनों, गमलों, बाल्टियों तथा अन्य स्थानों पर पानी जमा होने की संभावना बढ़ जाती है, जो मच्छरों के प्रजनन का कारण बन सकता है। इसलिए ऐसे संभावित मच्छर प्रजनन स्थलों की नियमित जांच एवं रोकथाम पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है।
सत्या शर्मा ने निगमायुक्त से कहा कि जनहित एवं नागरिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए निगम के सभी संबंधित अधिकारियों को मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए सख्त एवं समयबद्ध निर्देश जारी किए जाएं।
उन्होंने कहा कि विशेष रूप से यह निर्देश दिए जाए कि सभी 12 जोनों में मच्छर प्रजनन स्थलों की नियमित जांच कर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित हो। जलभराव वाले क्षेत्रों, संवेदनशील स्थानों एवं हॉटस्पॉट क्षेत्रों में नियमित फॉगिंग तथा एंटी-लार्वा गतिविधियों को तेज किया जाए।
स्थायी समिति अध्यक्ष ने कहा कि खाली प्लॉटों, निर्माणाधीन स्थलों, पार्कों, नालियों, स्कूलों, अस्पतालों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि कहीं भी पानी जमा होकर मच्छरों के प्रजनन का कारण न बने।
उन्होंने कहा की क्षेत्रीय अधिकारियों को डेंगू एवं मलेरिया की स्थिति की नियमित समीक्षा करने तथा आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए जाए । उन्होंने कहा कि बारिश के बाद उत्पन्न होने वाले जलभराव एवं पानी के ठहराव को तत्काल दूर करने के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
शर्मा ने सभी वार्डों में जनप्रतिनिधियों एवं आरडब्ल्यूए के सहयोग से व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि नागरिकों को अपने घरों एवं आसपास पानी जमा न होने देने तथा मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने निगमायुक्त से कहा कि सभी जोनों से फॉगिंग, एंटी-लार्वा गतिविधियों एवं मच्छर प्रजनन स्थलों की जांच सहित की गई कार्रवाई की दैनिक रिपोर्ट प्राप्त कर उसकी नियमित समीक्षा सुनिश्चित की जाए।
स्थायी समिति अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली में मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम को प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि बारिश के इस मौसम में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और निगम की सभी संबंधित टीमें सक्रिय रूप से कार्य करें, ताकि डेंगू, मलेरिया एवं अन्य मच्छरजनित बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके तथा दिल्लीवासियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी