स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने निगमायुक्त को लिखा पत्र
नई दिल्ली, 12 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली में हो रही बारिश के कारण विभिन्न क्षेत्रों की सड़कों पर बने गड्ढों एवं क्षतिग्रस्त सड़कों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने बुधवार को निगमायुक्त संजीव खिरवार को पत्र लिखकर इस संबंध में तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने पत्र में कहा कि लगातार हो रही बारिश के कारण कई सड़कों की स्थिति खराब हो गई है तथा अनेक स्थानों पर सड़कें टूटने और गड्ढे होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इन गड्ढों के कारण वाहन चालकों एवं पैदल यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा दुर्घटनाओं और यातायात संबंधी समस्याओं की आशंका बनी रहती है। बारिश के दौरान पानी भर जाने के कारण कई गड्ढे स्पष्ट रूप से दिखाई भी नहीं देते, जिससे स्थिति और गंभीर हो जाती है।
उन्होंने निगमायुक्त को कहा कि सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जाए कि अपने-अपने क्षेत्र की सड़कों का निरीक्षण कर गड्ढों एवं क्षतिग्रस्त हिस्सों की पहचान की जाए तथा प्राथमिकता के आधार पर उनकी तत्काल मरम्मत सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जहां स्थायी मरम्मत तत्काल संभव न हो, वहां उपयुक्त सामग्री से अस्थायी मरम्मत कर सड़क को वाहनों एवं पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित बनाया जाए, ताकि दुर्घटनाओं एवं यातायात संबंधी बाधाओं को रोका जा सके।
स्थायी समिति अध्यक्ष ने विभिन्न स्थानों पर मेनहोल के कवर एवं गली ग्रेट्स (नालियों पर लगे जालीदार ढक्कन) के गायब या क्षतिग्रस्त होने की शिकायतों का भी संज्ञान लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे सभी स्थानों की पहचान कर क्षतिग्रस्त अथवा गायब मेनहोल कवर एवं गली ग्रेट्स को प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराकर स्थापित किया जाए।
उन्होंने कहा कि खुले मेनहोल एवं क्षतिग्रस्त गली ग्रेट्स विशेष रूप से बारिश के दौरान गंभीर खतरा पैदा कर सकते हैं। इसलिए जहां तत्काल कवर या ग्रेट उपलब्ध कराना संभव न हो, वहां उचित बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा संकेतों के माध्यम से उन स्थानों को सुरक्षित किया जाए, जब तक स्थायी व्यवस्था नहीं हो जाती।
सत्या शर्मा ने निगम अधिकारियों को इस पूरे कार्य की निगरानी एवं नियमित समीक्षा करने के निर्देश देते हुए कहा कि बारिश के दौरान सड़कों की सुरक्षा और नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस संबंध में की गई कार्रवाई से उन्हें अवगत कराया जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी