युवा देश के भविष्य का निर्माता : सूद
नई दिल्ली, 17 मार्च (हि.स.)। दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने डॉन बॉस्को इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में आयोजित ‘विकसित भारत युवा कनेक्ट कार्यक्रम’ में भाग लेते हुए युवाओं को देश के भविष्य का निर्माता बताया। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
सूद ने कहा कि यह कोई सामान्य औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि देश के भविष्य को आकार देने वाली ऊर्जा का केंद्र है। जहां से एक नई क्रांति का सूत्रपात होगा। उन्होंने उपस्थित छात्रों का आह्वान करते हुए कहा कि वे केवल इस इंस्टीट्यूट के विद्यार्थी नहीं, बल्कि विकसित भारत के वास्तुकार और शिल्पकार हैं, जो वर्ष @2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
सूद ने ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्षों की ऐतिहासिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह केवल एक गीत नहीं, बल्कि राष्ट्र जागरण का मंत्र है, जिसने स्वतंत्रता आंदोलन में नई चेतना का संचार किया। 150 साल पहले अंग्रेजी शासन में जहां देश की स्वतंत्रता के परवाने इस गीत को गाकर शहीद हो गए वैसा ही जज्बा आज के युवाओं को विकसित भारत@2047 बनाने के लिए दिखाना होगा।
शिक्षा मंत्री ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में युवाओं ने अग्रणी भूमिका निभाई थी और आज पुनः इतिहास उन्हें पुकार रहा है। इस बार लक्ष्य स्वतंत्रता नहीं, बल्कि एक आत्मनिर्भर और विकसित भारत का निर्माण है। ‘विकसित भारत युवा कनेक्ट कार्यक्रम’ इसी उद्देश्य से युवाओं को राष्ट्रीय दृष्टि से जोड़ने, उन्हें सशक्त बनाने और देश की विकास यात्रा में सहभागी बनाने का मंच प्रदान करता है।
सूद ने ‘माई भारत’ पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पहल, जिसे केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है, युवाओं में स्वयंसेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रोत्साहित कर रही है। ‘माई भारत बजट क्वेस्ट 2026’ में दिल्ली के लगभग 45,000 छात्रों ने भाग लेकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह इस बात का प्रमाण है कि दिल्ली का युवा केवल रोजगार खोजने वाला नहीं, बल्कि देश की आर्थिक दिशा को समझने और उसमें भागीदारी निभाने वाला एक जिम्मेदार नागरिक भी है।
उन्होंने कहा कि बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि नागरिकों की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब होना चाहिए। इसी उद्देश्य से दिल्ली सरकार युवाओं को आमंत्रित कर रही है कि वे सरकार के साथ बजट निर्माण में अपना बहुमूल्य योगदान देकर अपने सुझाव साझा करें, ताकि आगामी दिल्ली बजट में उनकी अपेक्षाओं और विचारों को शामिल किया जा सके।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव