मंत्री सूद ने स्कूल का दौरा करके छात्रा की मौत पर जताया दुखद

 


नई दिल्ली, 24 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्वी दिल्ली के कृष्णा नगर क्षेत्र के एक स्कूल में छात्रा द्वारा स्वयं को आग लगा लेने की दुखद घटना में उसकी मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने स्कूल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान कृष्णा नगर के विधायक अनिल गोयल भी उनके साथ उपस्थित रहे।

मंत्री सूद ने स्कूल प्रबंधन एवं पुलिस अधिकारियों से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने घटना के कारणों और उससे जुड़े विभिन्न पहलुओं को समझने के लिए स्थानीय लोगों से बातचीत की। साथ ही मामले की जांच की प्रगति और उपलब्ध साक्ष्यों के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कृष्णा नगर के स्कूल में छात्रा की मृत्यु की यह हृदयविदारक घटना अत्यंत दुखद और चिंताजनक है। इस घटना से हम सभी व्यथित हैं। दिल्ली पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। स्कूल प्रबंधन ने सभी उपलब्ध साक्ष्य पुलिस को सौंप दिए हैं।

हमारी प्राथमिकता है कि मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच हो और घटना से जुड़े सभी तथ्य सामने आएं। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों और उससे जुड़े अन्य पहलुओं पर स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा। जांच के निष्कर्षों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव